ओमान के पास हुए ताजा हमले में 4 भारतीयों की मौत का सच क्या?

नई दिल्ली. पश्चिम एशिया में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं. बीते कुछ दिनों में तीन ऐसे जहाजों पर हमला किया गया है, जिन पर भारतीय सवार थे. इस बीच कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ऐसे ही एक और जहाज पर हमले में चार भारतीयों की मौत हुई है. हालांकि, विदेश मंत्रालय ने इन खबरों का खंडन किया है.

इस पूरे मामले पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि होर्मुज में MT Liaki Freedom नाम के टैंकर पर हमले और इसमें चार भारतीयों की मौत की खबरें गलत और भ्रामक हैं. इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है.

डीजी शिपिंग से जुड़े हुए सूत्रों के मुताबिक, जहाज के मालिक से संपर्क किया गया, जिन्होंने पुष्टि की कि जहाज पर सवार क्रू के सभी सदस्य सुरक्षित हैं. उन्होंने बातया कि चार भारतीयों की मौत की खबरें पूरी तरह से गलत हैं.

क्षेत्र में जारी सुरक्षा तनाव और समंदर की हाल की घटनाओं के बीच MT Liaki Freedom को लेकर कई तरह के दावे किए गए, जिनमें कोई दम नहीं था. इन रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि किसी हमले में जहाज के चार चालक दल के सदस्यों की मौत हो गई है. हालांकि, मौजूदा जानकारी के आधार पर ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है.

बता दें कि होर्मुज और ओमान की खाड़ी के आसपास बीते कुछ दिनों में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कथित अमेरिकी हमलों में भारतीयों की मौत हुई है.

पहला हमला 8 जून को ओमान के दक्षिण-पूर्वी तट पर हुआ था. यहां अमेरिकी नेवी ने अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित टैंकर ‘मैरीवेक्स’ पर मिसाइल से हमला किया था. इस जहाज के क्रू मेंबर में 24 भारतीय थे. गनीमत ये रही कि इस हमले में किसी भारतीय की जान नहीं गई.

इसके बाद 10 जून को अमेरिकी नेवी ने फिर से मनमानी की. अमेरिका ने ओमान तट के पास MT Settebello नाम के ऑयल टैंकर पर हमला किया. इस जहाज पर 24 इंडियन क्रू के सदस्य मौजूद थे. इनमें से 21 को बचा लिया गया, लेकिन तीन भारतीय नाविक लापता हो गए. बाद में भारत सरकार ने इन तीनों नाविकों के मौत की पुष्टि की है.

इसके अगले ही दिन 11 जून को MT Jalveer नाम के एक और भारतीय क्रू वाले जहाज से जुड़ी समुद्री सुरक्षा घटना सामने आई थी. भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की थी कि ओमान के निकट एक जहाज संकट में फंस गया है और भारतीय चालक दल को निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई.a