उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रामगढ़झील इलाके में संचालित स्पा सेंटर की आड़ में लड़कियों की कीमत लगाई जाती थी। इसकी पुष्टि बुधवार को छापेमारी के बाद छुड़ाई गई युवती के पुलिस को दिए गए बयान में हुई है। अब पुलिस आरोपी बनाए गए संचालक की तलाश में दबिश दे रही है। फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस इस मामले में तीन को जेल भिजवा चुकी है। पुलिस के मुताबिक, लंबे समय से स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी।
पुलिस का कहना है कि स्पा सेंटर की गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है। युवती के मुताबिक, स्पा के बहाने पर वहां पर मसाज नहीं, बल्कि लोगों की इज्जत की कीमत लगती थी। आने वाले लोगों को लुभावने ऑफर दिए जाते थे। इन सब के मास्टरमाइंड संचालक की तलाश जारी है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि आरोपी संचालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
स्पा से भागी लड़की सूचना तो पुलिस ने मारा छापा
पुलिस के अनुसार, स्पा से किसी तरह निकलने में सफल रही एक लड़की ने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही रामगढ़ताल थाना पुलिस ने स्पा सेंटर पर छापेमारी कर कार्रवाई करते हुए पांच लड़कियों को मुक्त कराया था। मामले में मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। स्पा मालिक को वांछित कर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मशाला बाजार, थाना गोरखनाथ निवासी विक्की वर्मा, चंडीगढ़ निवासी तथा वर्तमान में पैडलेगंज गुरुद्वारा गली में रहने वाले मंदीप सिंह के रूप में हुई है। महिला शाहपुर इलाके की रहने वाली है। पुलिस के मुताबिक, लंबे समय से स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। इसके बाद पुलिस ने गोपनीय तरीके से जांच-पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक जांच में शिकायतों की पुष्टि होने पर टीम गठित कर स्पा सेंटर पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि स्पा सेंटर से मिले दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य सामग्रियों को कब्जे में लेकर उनकी पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं । रामगढ़ताल पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मंदीप सिंह ही स्पा का मैनेजमेंट का काम देखता था और महिला कम उम्र की लड़कियों को काम देने के बहाने बरगला कर लाती थी। अब तक कितनी लड़कियों को लाया गया, इसकी भी जांच की जा रही है।
स्पा में बंधक बनाकर रखी गई थीं लड़कियां
जांच में पता चला कि युवतियों को स्पा सेंटर में बंधक बनाकर रखा गया था। कार्रवाई दौरान पांचों युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मुक्त कराई गई युवतियों में एक गाजीपुर जिले की रहने वाली है, जबकि अन्य चार गोरखपुर शहर के अलग-अलग मोहल्लों की निवासी हैं। पुलिस युवतियों के बयान दर्ज कर मामले की गहन जांच कर रही है।
स्पा सेंटर में गैंगरेप तक के आ चुके हैं मामले
पहले भी गोरखपुर के एक स्पा सेंटर में इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। प्रेमी के साथ निकली किशोरी को बरगला कर इसी तरह के हुक्का बार में रखा गया था और उसके साथ गैंगरेप की वारदात हुई थी। मामले में पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा था इससे पहले 2022 में भी रामगढ़ताल इलाके की एक किशोरी से शाहपुर के हुक्का बार में गैंगरेप की घटना सामने आई थी।
क्या बोली पुलिस
गोरखपुर के एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि स्पा सेंटर में अनैतिक काम की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। इस दौरान पांच युवतियों को मुक्त कराया गया। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच की जा रही है। स्पा मालिक अभी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।