मुजफ्फरनगर पुलिस ने तीन सीओ को दी विदाई: डॉ. रविशंकर, देववृत बाजपेई और यतेन्द्र नागर का तबादला

मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर पुलिस परिवार ने शुक्रवार रात तीन क्षेत्राधिकारियों को विदाई दी। क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर, क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत बाजपेई और क्षेत्राधिकारी फुगाना यतेन्द्र सिंह नागर के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में पुलिस विभाग ने सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया।

डॉ. रविशंकर का स्थानांतरण सहायक पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के पद पर हुआ है। देववृत बाजपेई को पुलिस उपाधीक्षक शाहजहांपुर और यतेन्द्र सिंह नागर को सहायक पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा में नई तैनाती मिली है।

समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने तीनों अधिकारियों को पुष्पमालाएं पहनाकर, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। एसएसपी ने कहा कि अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने तीनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे नई तैनाती पर भी अपनी कार्यकुशलता और अनुभव से विभाग का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम में एसएसपी की धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, अन्य अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे। सभी ने तीनों अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।a