मिल गया भारतीय सेना को नया बॉस! सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को बनाया चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ

New Indian Army Chief: भारत सरकार ने भारतीय सेना के अगले प्रमुख के नाम का ऐलान कर दिया है. लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का नया चीफ बनाया गया है. वे मौजूदा सेना प्रमुख की जगह लेंगे और जल्द ही अपना कार्यभार संभालेंगे. जनरल धीरज सेठ अभी उप सेना प्रमुख यानी वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के रूप में कार्यरत हैं. सेठ मौजूदा आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे. जनरल उपेंद्र द्विवेदी का कार्यकाल जून 2026 तक है. जनरल द्विवेदी ने साल 2024 के 30 जून को आर्मी चीफ का पद संभाला था. आर्मी चीफ का कार्यकाल 3 साल या 62 साल की उम्र जो भी पहले पूरा हो, तब तक के लिए होता है.

लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ भारतीय सेना के बहुत ही अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं. दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में शामिल हुए धीरज सेठ ने लगभग चार दशकों तक सेना में सेवाएं दी हैं. अपने लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने रेगिस्तानी इलाकों, जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी सीमा जैसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाली हैं.

जनरल सेठ के नाम हैं ये उपलब्धियां
उन्होंने दक्षिण-पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में भी सेवा दिया है. इसके साथ ही पश्चिमी मोर्चे पर दो अलग-अलग ऑपरेशनल कमानों का नेतृत्व करने वाले चुनिंदा वरिष्ठ अधिकारियों में जनरल सेठ का नाम भी शामिल है. इसके साथ ही वे अंगोला में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन, सेना मुख्यालय और सैन्य क्षमता विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं.

लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ खड़कवासला स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA), इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA), डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज (DSSC) वेलिंगटन और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र रहे हैं. ट्रेनिंग के दौरान भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और जूनियर कमांड कोर्स में फर्स्ट रैंक हासिल किया, वहीं DSSC में उन्हें सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंड अधिकारी के सम्मान से नवाजा गया.

मिल चुका है ये सम्मान
सेना में उत्कृष्ट योगदान और उल्लेखनीय नेतृत्व के लिए उन्हें कई उच्च सैन्य सम्मान भी मिले हैं. उनकी विशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए भारत सरकार ने उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, उत्तम युद्ध सेवा मेडल और अति विशिष्ट सेवा मेडल से नवाजा है.