हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र में शादी के नाम पर कथित ठगी के मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। ताजा जानकारी ने न केवल पीड़ित परिवारों की चिंता बढ़ा दी है, बल्कि यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि इस कथित फर्जी शादी गिरोह के जाल में और कितने युवक फंसे हो सकते हैं। मामले में अब बिलासपुर जिले के जेजवीं क्षेत्र का एक और परिवार सामने आया है, जिसने पुलिस के समक्ष अपने बयान दर्ज करवाए हैं। परिवार का दावा है कि वह भी इसी तरह के ठगी का शिकार हुआ है।
शीतल नामक महिला पर आरोप
जानकारी के अनुसार शीतल नामक महिला पर जनवरी में जेजवीं, फरवरी में गलोड़ और मई में बिलासपुर के बल्हसीना क्षेत्र में शादी करने के आरोप हैं। पीड़ित परिवारों का कहना है कि शादी के बाद कुछ समय तक सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में बहानों का सिलसिला शुरू हो गया। कभी रिश्तेदार की मृत्यु तो कभी मंदिर जाने की बात कहकर वह घर से निकलती और फिर वापस नहीं लौटती। सबसे गंभीर पहलू यह सामने आया है कि गिरोह का निशाना पंजाब नहीं, बल्कि हिमाचल के ग्रामीण क्षेत्रों के युवक बनाए जा रहे हैं। आरोप है कि पहले से सक्रिय कुछ महिलाएं और बिचौलिए परिवारों तक पहुंच बनाकर रिश्ते तय करवाते थे और शादी के कुछ समय बाद दुल्हन के गायब हो जाने की घटनाएं सामने आती थीं।
पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी
जांच में यह भी संकेत मिल रहे हैं कि अलग-अलग क्षेत्रों में सामने आए मामलों के तार आपस में जुड़े हो सकते हैं। जेजवीं के परिवार के बयान दर्ज होने के बाद पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है। इस संबंध में डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। विभिन्न लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और हर पहलू को खंगाला जा रहा है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस कथित फर्जी शादी रैकेट की परतें खुलती जा रही हैं।
यह है मामला
गलोड़ क्षेत्र के मनीष ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी शादी पंजाब के बटाला में फरवरी माह में हुई थी। इसके बाद जब उसने शादी को पंचायत में पंजीकरण करवाने के लिए दबाव डाला तो उसने आनाकानी शुरू कर दी। इस पर उसे शक हुआ कि दुल्हन के आधार कार्ड आदि फर्जी हैं। जब उसने जोर डाला तो उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिलने लगी। कथित फर्जी दुल्हन जम्मू जाने के लिए घर से निकली लेकिन वापस नहीं आई। छानबीन शुरू हुई तो मामला सामने आया कि कथित फर्जी दुल्हन ने बिलासपुर जिला के बल्हासीना में भी शादी कर रखी है और वहां से वह मौसी के निधन का बहाना बनाकर फरार हो गई थी। अब बिलासपुर जिला के ही जेजवीं के एक परिवार ने भी उसके खिलाफ धोखे में रखकर शादी करने को लेकर बयान दर्ज करवाए हैं ।