शिमला में स्कूल संचालिका की हत्या से दहशत, हरियाणा की रहने वाली थी महिला, शूटर फरार

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में शनिवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल (प्राइवेट) की संचालिका मनीषा मित्तल की स्कूल परिसर के गेट के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. नकाबपोश हमलावरों ने मनीषा पर गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए. मनीषा मित्तल मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली थीं और संजौली स्थित स्कूल का संचालन कर रही थीं. घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. हालांकि, अब तक हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है.

स्कूल गेट के पास हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:30 बजे मनीषा मित्तल पास की दुकान से जरूरी सामान लेकर वापस स्कूल लौट रही थीं. इसी दौरान स्कूल के गेट नंबर-1 के पास हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं. गोली लगने के बाद मनीषा मौके पर ही गिर गईं और उनकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के दौरान करीब तीन गोलियों की आवाज सुनी गई. लोग जब तक मौके पर पहुंचे, हमलावर वहां से भाग चुके थे. शुरुआती जानकारी में हमलावरों के वाहन से आने की बात सामने आई थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में दो युवक पैदल भागते हुए दिखाई दे रहे हैं. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. वहीं, पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि महिला जैसे ही स्कूल के पास पहुंचीं, वैसे ही एक नकाबपोश ने पहले उनके सिर में गोली मारी, जिससे वह वहीं गिर गईं. इसके बाद नकाबपोश बदमाश आगे की ओर भाग गए, लेकिन वे दोबारा लौटे और बेहद करीब से दो और गोलियां मारकर फरार हो गए.

मनीषा मित्तल का एक पुराना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया था. वीडियो में मनीषा ने अपने भाई और उसके पार्टनर गोविंद से खतरा होने का दावा किया था. वीडियो में मनीषा कहती हैं, “पुलिस को मैंने फोन किया, तो पुलिस कहती है कि जब लड़ाई-झगड़ा होगा तब हम आ जाएंगे. क्या ये तब मेरी मदद करेंगे, जब मुझे मार देंगे? मैं यहां अपनी बेटी के साथ अकेली हूं. मैंने एसपी सर को भी फोन किया.”

मनीषा ने पारिवारिक संपत्ति विवाद को लेकर 4 अप्रैल को शिमला में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी. उस दौरान उन्होंने अपने ही परिवार के सदस्यों पर स्कूल के मालिकाना हक को हड़पने और संपत्ति विवाद को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे. मनीषा मित्तल का आरोप था कि यह स्कूल उनके पिता ने शुरू किया था. पिता की मृत्यु के बाद, उनके परिवार के करीबी सदस्य और भाई उन्हें इस स्कूल की संपत्ति और मालिकाना हक में उनका जायज हिस्सा देने से रोक रहे हैं. उन्होंने खुले तौर पर मीडिया के सामने यह आशंका जताई थी कि स्कूल के अधिकारों को लेकर चल रहे इस विवाद के कारण उनकी जान को गंभीर खतरा है. उन्होंने बताया था कि इस विवाद को लेकर उन्होंने जिला पुलिस और हेल्पलाइन नंबर 112 पर शिकायत दर्ज कराई थी और सुरक्षा की मांग की थी. बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से स्कूल परिसर में ही रह रही थीं.

घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय निवासी अमित कोहली ने बताया कि मनीषा मित्तल ने उनसे बातचीत के दौरान अपनी जान को खतरा बताया था. उन्होंने कहा कि मनीषा का रिश्तेदारों के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. अमित कोहली ने कहा कि मनीषा कई बार सुरक्षा की मांग को लेकर एसपी कार्यालय भी गई थीं. उन्होंने कहा कि जिस तरह दिनदहाड़े हत्या हुई है, उससे उनकी बेटी की सुरक्षा को लेकर भी चिंता है. उन्होंने पुलिस से बेटी को सुरक्षा देने और आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की. वहीं स्थानीय निवासी अतुल शर्मा ने कहा कि इस तरह दिनदहाड़े महिला की हत्या होना गंभीर मामला है. उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों को पकड़ने की मांग की. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर महिला ने पहले ही खतरे की बात बताई थी तो सुरक्षा क्यों नहीं मिली.

सरस्वती पैराडाइज स्कूल को लेकर विवाद वर्ष 2020 से चल रहा है. स्कूल प्रबंधन से जुड़े कई पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप सामने आते रहे हैं. स्कूल में आर्थिक गड़बड़ियों और ठियोग में निर्माणाधीन स्कूल के लिए लिए गए 8 करोड़ रुपये के ऋण को लेकर भी सवाल उठे थे. इसी मामले में स्कूल के प्रिंसिपल मनदीप राणा समेत तीन अन्य अध्यापकों को नौकरी से हटा दिया गया था. वर्ष 2024 में छात्रों और अभिभावकों ने स्कूल को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था. उन्होंने राजभवन तक मार्च निकालकर स्कूल एडमिनिस्ट्रेशन नियुक्त करने की मांग उठाई थी.

पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. फोरेंसिक टीम ने मौके से खून के सैंपल समेत अन्य सबूत एकत्र किए हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. एएसपी शिमला अभिषेक ने कहा कि पुलिस ने मौके से जरूरी तथ्य जुटाए हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले में अभ