सोलन में लगा कई किलोमीटर लंबा जाम, टोल पर भी वाहनों की लाइनें; घंटों परेशान हुए पर्यटक

सोलन। हिमाचल के सोलन शहर में दो दिनों तक चले राधा स्वामी सत्संग ब्यास के धार्मिक समागम में प्रदेश समेत अन्य राज्यों से हजारों की संख्या में अनुयायी पहुंचे। सैकड़ों वाहनों की आवाजाही के कारण सड़कों पर लंबा जाम लग गया, जिसमें फंसकर पर्यटक व स्थानीय लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। रविवार को धार्मिक समागम के समाप्त होते ही सड़कों पर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को परेशान होना पड़ा।

कुमारहट्टी से सोलन शहर तक जाम
कुमारहट्टी से लेकर सोलन शहर तक लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। संगत की आवाजाही के कारण दोहरी दीवार चौक, रबौण मार्ग और शहर के अन्य प्रमुख संपर्क मार्गों पर यातायात बार-बार प्रभावित होता रहा। कई स्थानों पर वाहनों की गति पूरी तरह थम गई और लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक समय लगा।

पुलिस ने संभाले रखा मोर्चा
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एएसपी राजकुमार स्वयं टीम के साथ रबौण क्षेत्र में डटे रहे और यातायात की निगरानी करते रहे। पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर वाहनों को नियंत्रित करने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए विशेष प्रबंध किए गए। पुलिस विभाग ने सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए करीब 134 पुलिस जवानों को तैनात किया था। इन जवानों को भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख यातायात मार्गों और सत्संग स्थल के इर्द-गिर्द तैनात किया गया था।

सनवारा टोल प्लाजा पर भी कतारें
वापसी में जाते हुए सनवारा टोल प्लाजा पर चंडीगढ़ की ओर जाने वाली लेन पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जबकि सोलन की ओर आने वाली लेन पर वाहन चलते ही नजर आए।

वैकल्पिक मार्गों से भी भेजे वाहन
प्रशासन ने जाम कम करने के लिए वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भी भेजा। गौरतलब है कि 13 जून को सत्संग शुरू होने के साथ ही शहर में वाहनों की आवाजाही बढ़ गई थी। सड़क किनारे बड़ी संख्या में वाहन खड़े होने से कई स्थानों पर सड़कें संकरी हो गईं और राहगीरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।