चरखी दादरी: हरियाणा के चरखी दादरी जिले की दो बेटियों ने एनडीए के जरिये देश की पहली महिला फाइटर पायलट बनकर इतिहास रच दिया है। दोनों अब आसमान पर राज करेंगी। जिले के छपार गांव की इशिता सांगवान और भागवी की मीनाक्षी ने एनडीए से चयनित होकर साढ़े तीन साल की ट्रेनिंग पूरी की। दोनों की पहली पोस्टिंग तेलंगाना के बीदर एयरफोर्स स्टेशन में हुई है। एनडीए के जरिये महिला कैडेट्स की भर्ती शुरू होने के बाद यह पहला अवसर है जब बेटियां फाइटर पायलट के रूप में भारतीय वायुसेना का हिस्सा बनी हैं। इशिता और मीनाक्षी ने बेटियों को प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि जीवन में हमेशा बड़ा लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। मेहनत, लगन और समर्पण के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ा जाए तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद इशिता ने बदला लक्ष्य
इशिता सांगवान के पिता चरण सिंह सांगवान बताते हैं कि 2021 में सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद बेटियों के लिए एनडीए के दरवाजे खुले। इसमे पहले इशिता का सपना सिविल सर्विसेज में जाने का था, लेकिन कोर्ट के फैसले के बाद उन्होंने अपना लक्ष्य बदल लिया। उस समय इशिता 12वीं की तैयारी कर रही थीं। फैसले के महज एक महीने बाद एनडीए की लिखित परीक्षा में उन्होंने सफलता हासिल की। 6 अगस्त 2022 को उनका जॉइनिंग लेटर घर पहुंचा और 9 अगस्त को उन्होंने पुणे की राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में प्रशिक्षण शुरू कर दिया। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद जून 2025 में इशिता अपने पैतृक गांव छपार पहुंची थी। यहां उन्होंने बाबा जमुना दास मंदिर में आशीर्वाद लिया था। 22 वर्ष की इशिता अब एक नई जिम्मेदारी के साथ देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
महिला फाइटर पायलट
पिता और भाई सेना में
वहीं भागवी गांव की मीनाक्षी के पिता रविंद्र तक्षक सेना में सूबेदार मेजर हैं। परिवार के सैन्य परिवेश से प्रेरिक होकर मीनाक्षी ने भी देश सेवा का संकल्प लिया। उन्होंने दिल्ली के धौला कुआं स्थित आर्मी स्कूल से 12वीं की पढ़ाई के बाद एनडीए की परीक्षा पास की। पुणे के खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में तीन साल की ट्रेनिंग के बाद उन्हें एयरफोर्स मिली। इसके बाद हैदराबाद में 6 माह तक फाइटर प्लेन उड़ाने का विशेष प्रशिक्षण लिया। सरपंच प्रमिला कुमारी ने बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से रविवार को सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। मीनाक्षी के बड़े भाई सचिन कुमार भारतीय सेना में कैप्टन हैं।