हरियाणा में टैक्स फ्री हुई कंगना रनौत की फिल्म, ‘भारत भाग्य विधाता’ पर क्या बोले सीएम सैनी?

Bharat Bhhagya Viddhaata: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में कंगना रनौत की नई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को टैक्स फ्री कर दिया है। इससे पहले दिल्ली में इसे टैक्स फ्री किया गया था। कंगना रनौत की नई रिलीज हुई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को आलोचकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। 12 जून को रिलीज हुई इस फिल्म को हरियाणा में टैक्स-फ्री घोषित कर दिया गया है। सबसे पहले इस फिल्म को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में टैक्स फ्री करने का एलान किया था।

हरियाणा में टैक्स फ्री हुई ‘भारत भाग्य विधाता’
शनिवार को इस फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग हुई। इसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल हुए। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसे पूरे राज्य में टैक्स फ्री कर दिया। 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म की तारीफ करते हुए उन्होंने इसे साहस, करुणा, कर्तव्य और इंसानियत की एक दमदार कहानी बताया। उनके मुताबिक यह फिल्म हर भारतीय के दिल को छू लेती है।

क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान सैनी के साथ उनकी पत्नी सुमन सैनी, उनके कुछ मंत्री और कंगना रनौत भी मौजूद थीं। यह फिल्म 26/11 के हमलों की रात मुंबई के कामा अस्पताल की घटना पर आधारित है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे बाहर मची अफरातफरी के बीच नर्स, वार्ड बॉय, सफाईकर्मी, लिफ्ट ऑपरेटर, सुरक्षा कर्मचारी और प्रशासनिक कर्मचारी डटे रहे।

सीएम सैनी का बयान
सीएम सैनी ने कहा कि समाज अक्सर मशहूर नायकों की तारीफ करता है, लेकिन देश की असली ताकत उन डॉक्टरों, नर्सों, पुलिसकर्मियों, सुरक्षा बलों और समाज सेवकों में है, जो बिना किसी पहचान या तारीफ की चाहत के पूरी लगन से अपना काम करते हैं। उन्होंने कहा कि संकट के समय मानवता की रक्षा के लिए ये लोग ही सबसे पहले आगे आते हैं।