चंडीगढ़। हरियाणा में पुलिस, वन और जेल विभाग के विभिन्न पदों की भर्ती के तहत सोमवार से शारीरिक जांच परीक्षण (पीएसटी) और शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) का दौर शुरू होगा। पुलिस कांस्टेबल के 5500 पदों के लिए चल रही भर्ती के तहत लगातार छह दिन सुबह पांच बजे से सुबह साढ़े नौ बजे तक पीएसटी होगा। खास बात यह कि दौड़ पूरी होते ही अभ्यर्थी स्क्रीन पर देख सकेंगे कि उन्होंने कितना समय लिया है।
पीएमटी-पीएसटी, स्किल टेस्ट और लिखित परीक्षा के लिए अभ्यर्थी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। कांस्टेबल भर्ती के लिए कल से शुरू हो रहे पीएमटी-पीएसटी के बीच मुख्य सचिव ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के चेयरमैन हिम्मत सिंह के अनुसार पीएसटी के दौरान प्रत्येक अभ्यर्थी का प्रदर्शन रियल-टाइम में स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाएगा। इससे चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद बनी रहेगी। दौड़ के दौरान अभ्यर्थियों की टाइमिंग इलेक्ट्रानिक प्रणाली से रिकार्ड की जाएगी।
जैसे ही कोई अभ्यर्थी दौड़ पूरी करेगा, उसका समय तत्काल स्क्रीन पर दिखाई देगा। इससे अभ्यर्थी स्वयं अपने प्रदर्शन की पुष्टि कर सकेंगे और परिणाम को लेकर किसी प्रकार की आशंका या भ्रम की स्थिति नहीं रहेगी। तकनीक आधारित मानिटरिंग सिस्टम से मानवीय हस्तक्षेप की संभावना कम होगी और सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर सुनिश्चित किया जा सकेगा।
हिम्मत सिंह ने कहा कि आयोग का उद्देश्य केवल भर्ती करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना है जिस पर युवाओं को पूरा भरोसा हो। चयन प्रक्रिया में योग्यता की जीत और पारदर्शिता की पहचान सुनिश्चित करना आयोग की प्राथमिकता है।
वहीं, विज्ञापन संख्या 13/2024 के तहत खेल कोटा श्रेणी में डिप्टी रेंजर, वार्डर, असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट जेल, पुरुष एवं महिला कांस्टेबल और सब-इंस्पेक्टर पदों के लिए दस गुणा और फारेस्टर (विज्ञापन 02/2026) और फारेस्ट गार्ड (विज्ञापन 04/2026) के लिए 25 गुना अभ्यर्थियों को पीएमटी के लिए बुलाया गया है।
फारेस्ट गार्ड भर्ती के लिए पीएमटी 15 और 16 जून को होगा। फारेस्टर भर्ती तथा विज्ञापन 13/2024 के अंतर्गत आने वाले अन्य पदों के लिए पीएमटी 16 जून को चौथे बैच में आयोजित किया जाएगा।