ट्रक-कार की टक्कर…उड़े परखच्चे, दर्दनाक हादसे में हरियाणा के एक परिवार के 6 लोगों की गई जान

बीकानेर : राजस्थान के बीकानेर जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में हेमासर फांटे के पास हुआ। कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सात लोगों में से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची जख्मी हो गई।

इधर हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परिवार के सदस्य बीकानेर स्थित मुकाम में बिश्नोई समाज के आराध्य गुरु जम्भेश्वर भगवान के समाधि स्थल के दर्शन कर वापस हरियाणा लौट रहे थे। इसी दौरान हेमासर फांटे के पास उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। बताया जा रहा है कि मृतक फतेहाबाद के रहने वाले है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।