यूपी में 17, 18, 19 और 23 जून को गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है. झांसी से गोरखपुर तक कई जिलों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है, जबकि कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है. वहीं अधिकांश जगहों पर अभी भी तेज धूप निकलने के कारण भीषण गर्मी पड़ रही है. ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य ऊपर चल रहे हैं.

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के द्वारा, 17, 18, 19 और 23 जून को पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश होने की बात कही गयी है. मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले सात दिनों का वर्षा पूर्वानुमान जारी कर कहा है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है. ऐसे में कहीं राहत भरी फुहारें पड़ेंगी तो कहीं गर्मी का असर बरकरार रहेगा. आइए जानते हैं आज आपके शहर में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है.

यूपी के इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार लखनऊ में आसमान साफ रहेगा, लेकिन अगले तीन दिनों के अंदर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कन्नौज, इटावा, कानपुर देहात, जालौन, कानपुर नगर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, बलिया और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया है. यूपी के इन जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है.

बादल गरजने-बिजली गिरने की संभावना इन क्षेत्रों में अधिक
मौसम विभाग ने आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए विशेष मौसम अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना अधिक है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है. खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की गई है.