बिहार में भरी बस में दौड़ गई करंट, पति-पत्नी की मौत, कई घायल

नालंदा: बिहार के नालंदा में दर्दनाक हादसा हुआ है. जहां ईंट भट्ठे से मजदूरी कर लौट रहे मजदूरों से भरी स्लीपर बस हाई टेंशन तार की चपेट में आ गई. इस घटना में कई लोग झुलस गए हैं. वहीं दो लोगों की मौत हो चुकी है. सभी घायलों को विम्स पावापुरी में भर्ती कराया गया है.

पति-पत्नी की मौत: घटना पावापुरी थाना क्षेत्र शंभु शरण बीएड कॉलेज के पास की है. इस हादसे में घोसरावां निवासी दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों की पहचान रूदल मांझी (40) और उनकी पत्नी फूलो देवी (35) के रूप में हुई है.

हाई टेंशन तार के संपर्क में आई बस: ये सभी मजदूर बेतिया से काम कर घर घोसरावां जा रहे थे लेकिन दो किलोमीटर पहले ही बस हाई टेंशन तार के संपर्क में आ गई. असल में बस में लदी साइकिल का हैंडल सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली तार से टकरा गया.

करंट लगने से मची अफरातफरी: बताया जाता है कि तार काफी नीचे लटका हुआ था. टकराते ही बस में करंट दौड़ गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. जान बचाने के लिए कई यात्री बस से कूद पड़े, जबकि कुछ अंदर ही करंट की चपेट में आ गए.

वहीं, सूचना मिलते ही पावापुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. सभी घायलों को तत्काल भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान, पावापुरी में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है. लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.