जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में घरेलू विवाद ने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। पत्नी के मायके चले जाने और वापस आने से इनकार करने के बाद एक व्यक्ति ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घरेलू विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम
जानकारी के अनुसार, नैला चौकी क्षेत्र के निवासी रमेश कुमार पटेल का अपनी पत्नी से करीब एक सप्ताह पहले विवाद हो गया था। विवाद के बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन पत्नी ने लौटने से मना कर दिया। इसके बाद वह अकेले घर वापस आ गया।
घर में मिले तीनों के शव
बुधवार को परिवार के सदस्यों को घर में रमेश कुमार पटेल और उसके दो बच्चों के शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतकों की पहचान रमेश कुमार पटेल (35), आदर्श पटेल (3) और अभिनव पटेल (करीब 2 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और फॉरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।