भोपाल: अक्सर घर के बाहर या गार्डन में खेलते वक्त बच्चे लापता हो जाते हैं, या कोई उन्हें उठा ले जाता है. जिसके बाद माता-पिता पर उनकी जान की बन आती है. ऐसे में बच्चों की सुरक्षा बहुत जरूरी है, किसी अनजान के भरोसे अपने बच्चों को न छोड़ें, न ही कहीं अकेला जाने दें. हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं कि बीती शाम यानि मंगलवार की शाम राजधानी भोपाल में एक 6 साल का बच्चा अंश मैना अचानक लापता हो गया था. जिसे तलाशने पुलिस ने पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन बच्चा मिला नहीं है.
खेलते-खेलते गायब हो गया बच्चा
बताया जा रहा है कि मासूम अंश अपने परिवार के साथ भोपाल के वाजपेई नगर मल्टी में रहता है. अंश की मां मल्टी केयर अस्पताल में भर्ती है. वह सुबह खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया था. जब परिवार वालों को अंश काफी देर तक नजर नहीं आया और तलाश करने पर आसपास भी नहीं मिला, तो इस बारे में पुलिस को जानकारी दी. इसके बाद भोपाल के कोहेफिजा थाना पुलिस ने अंश को तलाशने रात भर सर्च ऑपरेशन चलाया.
3 थानों की पुलिस ने किया तलाश, रातभर चली सर्चिंग
कोहेफिजा पुलिस के अलावा जोन 3 के सभी थानों को तलाश के लिए लगाया गया है. पुलिस ने उसकी मां और परिजनों से भी पूछताछ की है और उससे जुड़े पतों और संभावित ठिकानों पर रातभर पुलिस ने जांच की. पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, गांधीनगर, लालघाटी समेत कई इलाकों में लगातार सर्चिंग करती रही, लेकिन देर रात तक बच्चे का कोई पता नहीं चल सका.
इसी बीच एक सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को बच्चा दिखा. फुटेज में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति मासूम के साथ जाता हुआ दिखाई दिया था. पुलिस ने तुरंत उस शख्स को हिरासत में लिया. लेकिन वह व्यक्ति बच्चे के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है. जिससे जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई है. मासूम की तलाश में सिर्फ पुलिस ही नहीं बल्कि समाजसेवी, स्थानीय नागरिक और स्वयंसेवी संगठन भी सक्रिय होकर खोज अभियान में जुटे हुए हैं. टीआई केजी शुक्ला के नेतृत्व में कोहेफिजा पुलिस की पूरी टीम रातभर सड़कों पर रही, लेकिन अंश अब भी लापता है.
आंखों में मिर्ची झोंक मां से छीना कलेजे का टुकड़ा, ग्वालियर में दिन दहाड़े मासूम अगवा
बैतूल में 2 छात्राओं का अपहरण, नशीले पदार्थ से हुईं बेसुध, होश आने पर उठाया ये कदम
बच्चे की तलाश के लिए 10 हजार का इनाम घोषित
इधर थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि “हर सुराग पर काम जारी है और बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस पूरी ताकत लगाए हुए है. उन्होंने कहा हम तकनीकी और लोगों की मदद से बच्चे को ढूंढ रहे है. बच्चे की तलाश के लिए 10 हजार का इनाम घोषित कर दिया है.”