बिहार पुलिस ने किया फर्जी एनकाउंटर? भरत तिवारी की मौत के बाद आरा में हंगामा, लाठीचार्ज

भोजपुर: भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में बीते बुधवार (17 जून, 2026) को पुलिस की गोली से घायल हुए भरत भूषण तिवारी की पटना में मौत हो गई. आज (गुरुवार) परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने आरा-बक्सर फोर लेन पर बिलौटी गांव के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया.

फर्जी एनकाउंटर का आरोप
सुबह से करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. आरोप लगाया कि फर्जी एनकाउंटर हुआ है. लोगों की मांग थी कि निष्पक्ष जांच हो. सड़क जाम के कारण फोर लेन पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

पुलिस ने चटकाई लाठी
प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कई बार परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे. स्थिति लगातार तनावपूर्ण होती गई और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई. इसके बाद सड़क खाली कराने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया. लाठीचार्ज होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को दौड़ाकर खदेड़ा. इस दौरान कई लोगों के चोटिल होने की भी सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.

उच्चस्तरीय जांच की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि भरत भूषण तिवारी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि लगातार समझाने के बावजूद जाम नहीं हटाया जा रहा था, जिसके कारण यातायात बहाल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करनी पड़ी. खबर लिखे जाने तक इलाके में तनाव बना हुआ था और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात था.