यूपी ने तो कमाल कर दिया! छोटी कंपनियों का बड़ा धमाका, ब्रिक्‍स देशों को अकेले बेचा 5.36 अरब डॉलर का सामान

नई दिल्‍ली. यूपी में आर्थिक गतिविधियों और उद्योगों के विकास के साथ निर्यात के आंकड़े भी बेहतर होने लगे हैं. राज्‍य सरकार ने हालिया आंकड़े जारी कर बताया है कि यूपी का सिर्फ ब्रिक्‍स देशों के साथ निर्यात 5.36 अरब डॉलर यानी करीब 51.46 हजार करोड़ रुपये पहुंच गया है. सरकार ने बताया है कि यूपी BRICS देशों के साथ व्यापार, तकनीक और निवेश के रिश्ते मजबूत कर रहा है. इसका असर निर्यात पर भी दिखने लगा है.

यूपी के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि राज्य कई देशों को मशीनरी, कपड़े, चमड़ा, कालीन और कीमती पत्थर निर्यात कर रहा है. राज्य सरकार के मुताबिक, कुल निर्यात में से करीब 3.938 अरब डॉलर का माल BRICS सदस्य देशों को और 1.429 अरब डॉलर का माल साझेदार देशों को भेजा गया. यूपी के इस सम्‍मेलन में BRICS देशों के प्रतिनिधि और एमएसएमई अधिकारी शामिल हुए.

रोजगार का बड़ा अवसर बना रहा यूपी
चौधरी ने बताया कि यूपी का एमएसएमई सेक्टर रोजगार, नवाचार और आर्थिक विकास का बड़ा आधार बनकर उभरा है, जहां करीब 96 लाख एमएसएमई इकाइयां चल रही हैं और लगभग 1.65 करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है. राज्य की ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना ने स्थानीय प्रतिभा और पारंपरिक कारीगरी को ग्लोबल बाजार से जोड़ा है. ODOP योजना के तहत 20,000 से ज्यादा लोगों को करीब 897 करोड़ रुपये की मार्जिन मनी सहायता दी गई है, जिससे 3.16 लाख रोजगार के मौके बने हैं.

कारीगरों को भी मिल रहा अवसर
मंत्री ने बताया कि ‘विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना’ के तहत 4.41 लाख से ज्यादा पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक टूलकिट और ट्रेनिंग दी गई है. सरकार ने बताया कि राज्य में युवाओं को स्वरोजगार के लिए ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ भी शुरू किया गया है, जिसमें बिना गारंटी ब्याज मुक्त लोन दिए जा रहे हैं. योजना के तहत 10 साल में 10 लाख नई माइक्रो यूनिट्स खोलने का लक्ष्य है. PLEDGE योजना के तहत एमएसएमई पार्क बनाए जा रहे हैं और 12 जिलों में पार्क को मंजूरी मिल चुकी है ताकि बेहतर औद्योगिक माहौल मिल सके.