राजस्थान-178 RAS का ट्रांसफर, 3 मंत्रियों के सहायक बदले:पिंकी मीणा को साढ़े 5 साल बाद पोस्टिंग

जयपुर। राज्य सरकार ने आधी रात प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 178 राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के अफसरों के तबादले किए हैं। तीन मंत्रियों के विशिष्ट सहायक (SA) भी बदले गए हैं।

12 एपीओ आरएएस को पोस्टिंग दी गई है, जबकि 5 आरएएस के तबादले रद्द किए गए हैं। बीज निगम में घूसकांड के खुलासे के बीच नए प्रबंध निदेशक (MD) की पोस्टिंग हुई है।

राज्यपाल के उप सचिव का भी ट्रांसफर हुआ है। रिश्वतखोरी के आरोप में घिरी पिंकी मीणा को भी साढ़े पांच साल बाद पोस्टिंग मिली है।

गौरव चतुर्वेदी होंगे बीज निगम के एमडी

राजस्थान बीज निगम इन दिन घूसकांड को लेकर चर्चा में है। इस बीच सरकार ने वर्तमान में राजस्थान स्टेट बेवरेजेज कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक गौरव चतुर्वेदी को नया एमडी बनया है।

पिंकी मीणा को करीब साढ़े पांच साल बाद पोस्टिंग

एपीओ चल रही पिंकी मीणा को करीब साढ़े पांच साल बाद पोस्टिंग मिली है। वे हाईवे घूसकांड मामले में 2021 से सस्पेंड चल रही थी, पिंकी मीणा को हाल ही में कोर्ट के आदेशों के बाद बहाल कर, एपीओ किया गया था।

उन्हें सहायक निदेशक के तौर पर लोक सेवा, प्रशासनिक सुधार समन्वय विभाग, सवाई माधोपुर में पोस्टिंग मिली है। इस लिस्ट में कुल 12 एपीओ अफसरों को पोस्टिंग दी गई है।

चर्चित आरएएस विभू कौशिक स्वास्थ्य मंत्री के एसए

चर्चित आरएएस अफसर डॉ विभु कौशिक को स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के विशिष्ट सहायक (SA) होंगे। कौशिक का राज्य बीमा और प्रावधान नीति विभाग में अतिरिक्त निदेशक से स्वास्थ्य मंत्री के एसए के पद पर तबादला किया है।

विभू कौशिक को एसए लगाने के लिए खींवसर ने काफी समय पहले ही उच्च स्तर पर सिफारिश भेज दी थी। कौशिक पहले मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन में ईडी थे, उस वक्त आईएएस नेहा गिरी से विवाद हो गया था।

कांग्रेस राज में तत्कालीन कृषि, पशुपालन मंत्री मंत्री लालचंद कटारिया के एसए रह चुके हैं। वहीं, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग के निजी सचिव प्रमोद सीरवी का तबादला एसडीओ, भीलवाड़ा के पद पर किया है।

राज्यपाल के उपसचिव को मंत्री का SA बनाया

स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटाराम देवासी के एसए बदले गए हैं। खींवसर के एसए बलवंत सिंह लिग्री का तबादला बेवरेज कॉर्पोरेशन के ईडी पद पर किया है।

विभू कौशिक का राज्य बीमा और प्रावधान नीति विभाग में अतिरिक्त निदेशक से स्वास्थ्य मंत्री के एसए के पद पर तबादला किया है।

देवासी के एसए राकेश कुमार का तबादला भूप्रबंध अधिकारी सीकर के पद पर किया गया है। पशुपालन और डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत के एसए चंदन दुबे का राज्यपाल के उप सचिव के पद पर तबादला किया है।

राज्यपाल के उप सचिव मुकेश कुमार कलाल का तबादला राज्य मंत्री ओटाराम देवासी के SA के पद पर किया है।

4 अफसरों के ट्रांसफर सवा महीने बाद रद्द

चार अफसरों के 13 मई को किए गए तबादले अब सवा महीने बाद रद्द किए गए हैं। नरेंद्र कुमार वर्मा को एडीएम जयपुर पूर्व से एडीएम डीडवाना, प्रवीण कुमार अग्रवाल का संयुक्त सचिव प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से जिला आबकारी अधिकारी अजमेर लगाया गया है। पुष्कर मित्तल का एसडीओ मनोहरथाना से एसडीओ डीग, अरशदीप बरार का सहायक भूप्रबंधन अधिकारी जयपुर से संयुक्त निदेशक, एचसीएम रिपा के पद पर किया गया तबादला रद्द कर दिया है।

15 सितंबर 2025 का ट्रांसफर अब निरस्त

मोहम्मद ताहिर का डीआईजी स्टांप, भीलवाड़ा सर्कल से उपनिदेशक, महिला बाल विकास विभाग (करौली) के पद पर किया गया तबादला 9 महीने बाद अब रद्द कर दिया गया है।

ताहिर का तबादला 15 सितंबर 2025 को किया गया था। 9 महीने बाद तबादला निरस्त करने का यह अनूठा मामला है।

यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार बदले

यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार बदले गए हैं। अनुराग भार्गव को रजिस्ट्रार, वर्द्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (कोटा), मुरलीधर प्रतिहार को रजिस्ट्रार, कोटा यूनिवर्सिटी, चंद्रभान सिंह भाटी को रजिस्ट्रार जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय (जोधपुर) और राजू लाल गुर्जर को राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (जयपुर) में रजिस्ट्रार के पद पर लगाया है।