कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक नाबालिग लड़की ने जहर निगल लिया। इसके बाद जब तबीयत खराब होने लगी तो उसने खुद हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर दी और मदद मांगी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे तलाश कर अस्पताल पहुंचाया। लंबागांव पुलिस की तत्परता से एक नाबालिग लड़की की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की ने किसी कारणवश जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसने हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर बताया कि उसने जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही मामला लंबागांव पुलिस के पास पहुंचा।
तकनीकी सहायता से पहुंची पुलिस
सूचना प्राप्त होते ही पुलिस थाना लंबागांव में तैनात एसआई कमल कुमार अपनी टीम के साथ लड़की की तलाश में जुट गई। प्रारंभिक स्तर पर उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सहायता से मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की और लड़की का पता लगा लिया।
पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर नाबालिग को उपचार के लिए सिविल अस्पताल जयसिंहपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नाबालिग ने जहरीला पदार्थ किस कारण निगला। मामले की पुष्टि डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने की है।