हिमाचल के इन 10 जिलों में ओलावृष्टि-तूफान की चेतावनी, 23 जून तक जमकर होगी बारिश

शिमला: एक ओर देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी से हाल बेहाल है. वहीं, दूसरी ओर पिछले कुछ दिनों में हिमाचल के विभिन्न जिलों में हो रही बारिश से गर्मी से राहत मिली है. मानसून से पहले प्रदेश में बारिश-आंधी और ओलावृष्टि की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने आज (गुरुवार, 18 जून) प्रदेश के 10 जिलों में बारिश, भारी ओलावृष्टि, आंधी और तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है.

हिमाचल के 10 जिलों में ओलावृष्टि-तूफान की चेतावनी

मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आज (गुरुवार) और कल (शुक्रवार, 19 जून) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में आंधी, बिजली और तूफान (40-50 किलोमीटर प्रति घंटे) का यलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि होने के अनुमान जताया है. इश दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. शनिवार और रविवार को किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों को छोड़कर 10 जिलों में आंधी-तूफान और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी जारी की है.

23 जून तक बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस गुरुवार, 18 जून से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाला है, जिसके चलते पूरे हिमाचल में नम मौसम रहेगा. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण प्री मानसून में प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है. मौजूदा परिस्थितियों के मुताबिक अगले एक हफ्ते मानसून हिमाचल में दस्तक दे सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में 23 जून तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं.

मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 22 जून तक प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबाऱी की संभावना है, सप्ताह के बाकी दिनों में अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबाऱी के आसार हैं. मैदानी एवं निचले पर्वतीय क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक 23 जून तक मध्य पर्वतीय क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना है. वहीं, गुरुवार, 18 जून को मैदानी एवं निचले पर्वतीय क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है. वहीं, मध्य पर्वतीय क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी की संभावना है.

गर्मी से राहत
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को कुकुमसेरी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा पांवटा साहिब 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4-5 दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने वाला है. अगले 48 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. उसके बाद, अगले 2-3 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है.