Uttar Pradesh 20th June Mausam: उत्तर प्रदेश के लोगों को झुलसाती गर्मी से राहत देने का झांसा देकर मानसून अचानक बीच रास्ते में दगा दे गया है. पिछले दिनों बादलों की आवाजाही के साथ हुई हल्की प्री-मानसून बारिश से लोगों को लगा था कि अब भीषण तपिश और उमस से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी. लेकिन बीते तीन-चार दिनों से प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम ने एक बार फिर खतरनाक करवट बदल ली है. लगातार तीसरे दिन सूबे के 24 से अधिक जिलों में सूरज की तपिश के साथ जानलेवा लू (Heatwave) का दौर जारी रहा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शनिवार, 20 जून से अगले चार-पांच दिनों तक उत्तर प्रदेश के लगभग 45 जिलों में गर्मी का तल्ख तेवर पूरी तरह बरकरार रहेगा, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए ‘येलो वॉच’ अलर्ट जारी कर दिया है.
क्यों रूठ गया मानसून?
मौसम केंद्र लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, फिलहाल उत्तर प्रदेश के वायुमंडल में कोई भी प्रभावी या मजबूत मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है. इस वजह से राज्य में मानसून की मुख्य धाराओं के आगे बढ़ने की रफ्तार पूरी तरह थम गई है. अब यूपी में मानसून के आगमन में कम से कम एक सप्ताह (7 दिन) का समय और लग सकता है.
कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक बुलेटिन के मुताबिक, शनिवार 20 जून 2026 को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभाग में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना जरूर बनी हुई है, जिससे वहां के तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है. इसके विपरीत, पूर्वी उत्तर प्रदेश के संभाग में मौसम पूरी तरह शुष्क और गर्म रहेगा, जिसके चलते वहां कई स्थानों पर ‘ऊष्ण लहर’ (लू) चलने की अत्यधिक संभावना व्यक्त की गई है.
45 जिलों में आसमान से आग
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को अवध क्षेत्र और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों पर भीषण गर्मी का प्रकोप रहेगा. मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबांकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर और इसके आसपास के मैदानी इलाकों में तेज गर्म पछुआ हवाएं (लू) चलेंगी. इन जिलों में दिन का पारा सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहने का अनुमान है.
यूपी का जिलावार तापमान
उत्तर प्रदेश मौसम के विभिन्न जिलों का अधिकतम तापमान रिकॉर्ड के आंकड़ों को देखें तो बांदा 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ पूरे देश में सबसे गर्म जिला रहा. इसके बाद झांसी में 42.2 डिग्री, प्रयागराज में 41.8 डिग्री, वाराणसी बीएचयू में 41.7 डिग्री, और बहराइच व कानपुर IAF में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं वाराणसी एयरपोर्ट पर 41.3 डिग्री, हमीरपुर, चुर्क और कानपुर नगर (IAF) में 41.2 डिग्री, गाजीपुर में 41 डिग्री, गोरखपुर में 40.9 डिग्री, फुर्सतगंज में 40.8 डिग्री, Agra में 40.7 डिग्री, फतेहपुर और आजमगढ़ में 40.6 डिग्री, बाराबंकी में 40.5 डिग्री, उरई और लखनऊ में 40.4 डिग्री, सुल्तानपुर में 40.3 डिग्री तथा फतेहगढ़ में 40.2 डिग्री सेल्सियस पारा रिकॉर्ड हुआ. इसके अलावा लखीमपुर खीरी, हरदोई, बस्ती और बलिया में तापमान ठीक 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अलीगढ़ और कानपुर नगर में 39.6 डिग्री, मुरादाबाद में 39.5 डिग्री, अयोध्या और शाहजहाँपुर में 39 डिग्री, मेरठ में 38.7 डिग्री, बरेली में 38.6 डिग्री, नजीबाबाद में 37.5 डिग्री और मुजफ्फरनगर में सबसे कम 37 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.