यूपी में कब पहुंचेगा मॉनसूनः पूरी खबर जानकर होंगे परेशान

UP Monsoon: यूपी में मॉनसून कब आएगी इसे लेकर लोगों के मन में सवाल है। हालांकि अब मौसम वैज्ञानिकों ने साफ कर दिया है कि प्रदेश में 20 से 25 जून के बीच में आएगी। हालांकि मॉनसून के बाद भी बारिश की अधिक संभावना नहीं है। वहीं, अब तक अनुमान से 24 फीसदी कम ही बारिश हुई है। वैज्ञानिकों के मुताबिक अल नीनो के कारण ऐसा हो रहा है। लेकिन इस कमी को इंडियन ओशियन डाइपोल पूरी कर देगा।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मॉनसून शुक्रवार को बिहार में रुका हुआ था। हालांकि अभी आगे तो नहीं बढ़ रहा है लेकिन स्थितियां अनुकूल हैं, जिससे दो-तीन दिनों में आगे बढ़ सकता है। संभावना है कि यदि यहीं स्थितियां रहीं तो समय से प्रवेश करेगा लेकिन देरी भी संभव है। इसके बावजूद बारिश की स्थितियां अच्छी नहीं हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार,जून में अभी तक देश में औसतन 24 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इसमें सबसे बड़ी बाधा अल नीनो माना जा रहा है। यह एक समुद्री घटना है जो समुद्री सतह के तापमान पर निर्भर करती है। यदि अल नीनो को असर बढ़ता है तो ऐसे में बारिश की निरंतरता प्रभावित होगी। मॉनसून पॉज की स्थिति पैदा होगी।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, प्रशांत महासागर में तापमान सामान्य से लगभग 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। अल नीनो की स्थिति से निपटने के लिए सरकारें प्रयास करती हैं। इसके बाद भी राहत यह है कि हिंद महासागर डाइपोल (आईओडी) अभी तटस्थ अवस्था में है, जो अगस्त-सितंबर में विकसित हो सकता है। मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि ऐसी स्थिति में हिंद महासागर से भारत की ओर वाली नमी का प्रवाह बढ़ जाएगा, जो अलनीनो के प्रतिकूल प्रभाव को काफी हद तक संतुलित करेगा। यह बारिश की कमी को पूरा करेगा। लेकिन, इसमें समय अधिक लगेगा।

हीट वेव से फिर तमतमाया यूपी, कानपुर में पारा 41 डिग्री
वहीं, मॉनसून की गतिविधियां शुरू हो जाने और पश्चिमी विक्षोभ के आ जाने से मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। पहले पश्चिमी यूपी में भी हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया था। अब हीट वेव केवल पूर्वी यूपी दक्षिण के जिलों तक सीमित रहेगी। तापमान बढ़ने के साथ नमी अधिक होने से हीट इंडेक्स भी चरम पर पहुंचेगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के वेदर स्टेशन में अधिकतम पारा 39.6 से बढ़कर 41 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। न्यूनतम पारा 27.4 से 27.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। इससे पहल सीएसए सेंटर पर 10 जून को तापमान 41 डिग्री से अधिक हुआ था।