वरमाला के बाद दूल्हे पक्ष ने रखी ऐसी मांग, हुआ जमकर हंगामा और मारपीट, बिना दुल्हन लिए लौटी बारात

Wedding procession Return Without Bride: मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक हैरान करने वाली खबर आई है, जहां खुरई शहरी थाना क्षेत्र के पठारी रोड में दहेज की मांग की वजह से मंडप से ही शादी टूट गई और बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई. इसके बाद जमकर हंगामा हुआ. परिजनों की तरफ से बताया गया कि वरमाला के बाद दुल्हे पक्ष की तरफ से 2 लाख रुपए नकद और पल्सर बाइक मांगी गई, जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो बारातियों के साथ मारपीट की गई.

शादी टूटने के बाद पीड़ित परिवार थाने पहुंचा और परिवार ने पुलिस पर रात में कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने लड़की पक्ष के बयान दर्ज करके जांच शुरू कर दी है और बयानों के आधार पर पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई की बात कह रही है.

परिजनों ने बताई सारी कहानी
लड़की के परिजनों की तरफ से बताया गया कि हमारे समाज में ऐसा कभी नहीं हुआ, जैसा हमारे साथ हुआ है. हम कड़ी कार्रवाई चाहते हैं. 19 तारीख को बारात आई थी. खाना-पीना हो गया. इसके बाद वरमाला हो गई. फिर लेन देन की बात हो गई. उन्होंने कहा कि दो लाख रुपए नगद चाहिए और पल्सर बाइक चाहिए. इसके बाद हमारे साथ मारपीट की. फिर हम उन्हें मनाने बाईपास तक भी गए, लेकिन वह लोग बारात वापस लेकर लौट गए. मारपीट दुल्हे के बड़े भाई और छोटे भाई ने की.

पुलिस कह रही कार्रवाई की बात
पुलिस की तरफ से बताया गया है कि तत्परता से कार्रवाई की जाएगी. जब यह पूछा गया कि परिजनों ने आरोप लगाया है कि अगर जल्दी कार्रवाई करते, तो हालात कुछ और होते. इस पर उन्होंने कहा कि देखिए इस संबंध में अगर वह कोई रिपोर्ट करते. अब देखने वाली बात यह कि इस मामले में प्रशासन क्या कदम उठाता है?