नीतीश कुमार बने JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बैठक में लगी मुहर, अब बिहार की यात्रा पर निकलेंगे पूर्व सीएम

पटना: जदयू राष्ट्रीय परिषद की बैठक खत्म हो गई है। बैठक में नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर राष्ट्रीय परिषद ने मोहर लगा दी है। साथ ही बिहार अध्यक्ष के पद पर उमेश कुशवाहा बने रहेंगे। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार की यात्रा पर निकलेंगे। नीतीश इस बार भी सरकार और पार्टी संगठन के काम को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

JDU के प्रदेश अध्यक्ष के लिए उमेश कुशवाहा के नाम को मंजूरी: मदन सहनी
मंत्री मदन सहनी ने बैठक के बाद मीडिया को इसकी जानकारी दी। मदन सहनी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उमेश कुशवाहा को राष्ट्रीय परिषद की ओर से मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जल्द ही बिहार की यात्रा पर निकलेंगे।

हम लोग पूरे बिहार में पार्टी को मजबूत करेंगे: निशांत
इधर बैठक में शामिल हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि हम लोगों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। हम लोग पूरे बिहार में पार्टी को मजबूत करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जो काम किया है, उसको लेकर लोगों के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज की बैठक में पिताजी को राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नियुक्ति किया गया है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर हमारी जिम्मेदारी बढ़ गई है इस जिम्मेदारी के साथ अब आगे कार्यकर्ताओं के साथ काम करना होगा।

निशांत भैया जेडीयू का भविष्य: कोमल सिंह
इसके पहले बैठक के बाद बाहर निकलीं विधायक कोमल सिंह ने बताया कि बैठक में निशांत कुमार को लेकर भी चर्चा हुई। निशांत भैया जेडीयू का भविष्य हैं। जल्द ही पार्टी में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी। बता दें, जेडीयू की राष्ट्रीय परिषद की बैठक के दौरान उमेश कुशवाहा के प्रदेश अध्यक्ष के पद को लेकर चर्चा हुई। इसके अलावा जदयू में निशांत कुमार के भविष्य को लेकर भी चर्चा हुई थी।