बिहार में पहली कक्षा के बच्चे पर 20 बार धारदार हथियार से हमला, ICU में भर्ती

बांका/भागलपुर: बिहार के बांका में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां बौंसी स्थित एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में पहली कक्षा के छात्र की जान लेने की कोशिश हुई है. उसे गंभीर हालत में भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

पहली कक्षा के बच्चे पर जानलेवा हमला: घायल छात्र कटोरिया थाना क्षेत्र के जमुआरी गांव का रहने वाला है. वह पहली कक्षा का छात्र है और करीब एक महीने पहले ही उसे पढ़ाई के लिए स्कूल के हॉस्टल में रखा गया था. परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह हॉस्टल प्रशासन की ओर से फोन कर सूचना दी गई कि बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बच्चे की हालत गंभीर
20 से अधिक बार हमला: सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां बच्चे की गंभीर हालत देखकर उनके होश उड़ गए. परिजनों का आरोप है कि आनंद के सिर, चेहरे और गले पर गहरे जख्म हैं. उनका कहना है कि बच्चे के सिर पर धारदार हथियार से 20 से अधिक वार किए गए हैं.

नाजुक हालत में आईसीयू में भर्ती: प्राथमिक उपचार के बाद उसे पहले बांका रेफर किया गया., जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) भेज दिया. फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती है और ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है.

“एक छात्र ने हमें बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे मेरा बेटा अपने कमरे में सो रहा था. इसी दौरान उसे कमरे से बाहर ले जाकर हॉस्टल की छत पर बने बाथरूम के पास ले जाया गया. सोमवार सुबह करीब पांच बजे अन्य छात्रों ने उसे बाथरूम के अंदर लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा.”- घायल छात्र के पिता

मायागंज अस्पताल, भागलपुर
तफ्तीश में जुटी पुलिस: वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों में आक्रोश फैल गया. परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. स्कूल संचालक से भी पूछताछ की जा रही है.

“घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को हमने भेजा है. वहां सीसीटीवी भी टूटा मिला है. स्कूल संचालक से पूछताछ जारी है. बच्चे का इलाज भागलपुर में चल रहा है.”- चंद्रदीप कुमार, थानाध्यक्ष, कटोरिया थाना

क्या बोले बीईओ?: वहीं, बीईओ मनोज मिश्र ने कहा कि शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच का आदेश दे दिया गया है. रिपोर्ट के आधार पर कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी.

“बच्चे पर हमले की सूचना मिली है. विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है. विद्यालय और हॉस्टल की जांच कराई जाएगी तथा सभी पहलुओं की विस्तृत पड़ताल की जाएगी.”- मनोज मिश्र, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कटोरिया