बडी खबर: हिमाचल के इस जिले में फटा बादल, मची भारी तबाही

किन्नौर: जिले के भावनगर में स्थित काचरंग क्षेत्र में मंगलवार देर रात को बादल फटने से काचरंग नाले में भीषण बाढ़ आ गई. बादल फटने के बाद रात करीब तीन बजे नाले में आई बाढ़ और फ्लैश फ्लड से भारी नुकसान हुआ. बाढ़ और फ्लैश फ्लड के कारण लोग दहशत में आ गए.

काचरंग नाले में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई. तेज बहाव के कारण एक पैदल पुल बह गया, जबकि कई पेयजल लाइनें और जल शक्ति विभाग का भंडारण टैंक भी क्षतिग्रस्त हो गया. स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात अचानक नाले का जलस्तर बढ़ गया. बादल फटने के बाद आए मलबे और तेज बहाव ने नाले के आसपास बने ढांचों को नुकसान पहुंचाया. नाले पर बना पैदल पुल बाढ़ की चपेट में आकर बह गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों का संपर्क भी प्रभावित हुआ.

जानकारी के अनुसार बाढ़ के तेज बहाव से स्थानीय सड़क पूरी तरह बाधित और क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे क्षेत्र का संपर्क प्रभावित हुआ है. लोगों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. बाढ़ का असर कृषि एवं बागवानी क्षेत्र पर भी पड़ा है. नाले से आए मलबे और तेज बहाव ने खेतों और सेब के बगीचों को भी नुकसान पहुंचाया है. कई जगहों पर सेब के पेड़ टूट गए हैं. इससे बागवानों को भारी नुकसान का अनुमान है.

पेयजल व्यवस्था को बड़ा झटका

बाढ़ के कारण जल शक्ति विभाग की कई पेयजल पाइपलाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं. इससे पेयजल संकट बढ़ सकता है. विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं और पेयजल आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं. राहत की बात यह रही कि काचरंग गांव नाले से पर्याप्त दूरी पर स्थित है. बाढ़ और मलबा गांव की ओर नहीं घुस पाया, जिसके चलते इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि अचानक आई बाढ़ से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, ग्रामीणों और जल शक्ति विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे को जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं.