मोतिहारी में भीषण सड़क हादसा, पिकअप-टेंपो की टक्कर में 4 की मौत; 4 गंभीर

मोतिहारी; पूर्वी चंपारण के मोतिहारी-बेतिया एनएच-28बी पर बुधवार को भीषण सड़क हादसे में पिकअप और टेंपो की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मोतिहारी रेफर किया गया है। पुलिस मृतकों की पहचान में जुटी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो मोतिहारी से बेतिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान बेतिया की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतकों में लगभग 10 वर्षीय एक बालक भी शामिल है।

हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉ. रिजवी ने प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया गया।

घायलों में बेतिया के तीनलालटेन चौक निवासी शंकर कुमार शर्मा, बेतिया निवासी मनत परवीन (पिता- शकील खान), रेफर परवीन (पिता- अफरीज खान) तथा केसरिया निवासी चांद खान (पिता- बसीर खान) शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेजा जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी थी।