जयपुर में झमाझम बरसात, चूरू में ओले गिरे: सीकर में गाड़ियां फंसी; पारा लुढ़का

Heavy rain in Jaipur, hailstorm in Churu; vehicles stranded in Sikar; mercury drops.

जयपुर। राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश जारी है। जयपुर, सीकर सहित आसपास के एरिया में सुबह रुक-रुककर बरसात हुई। चूरू के कुछ इलाकों में तूफानी बारिश के साथ छोटे-छोटे ओले गिरे। सरदार शहर में तेज बारिश के कारण सड़क पर पानी बहने लगा। इसमें बाइक सवार फंस गया।

मौसम बदलने से तापमान में भी गिरावट हुई है। आज भी 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्री-मानसून का ये दौर अगले तीन दिन जारी रह सकता है। इससे पहले मंगलवार को बीकानेर, कोटा संभाग के एरिया में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।

गर्मी-बारिश के बड़े अपडेट्स

तेज बारिश से जलजमाव, गाड़ियां फंसी: जयपुर, सीकर सहित कई जिलों में मंगलवार देर रात से ही रुक-रुककर बरसात हो रही है। सीकर के श्रीमाधोपुर में मंगलवार रात करीब 3 बजे शुरू हुआ तेज बारिश का दौर सुबह करीब 8 बजे तक जारी रहा। जगह-जगह जलजमाव होने से गाड़ियां फंस गईं। वहीं, जयपुर में बुधवार सुबह बारिश हुई।

इन जगह में बारिश हुई: झुंझुनूं के उदयपुरवाटी 24MM, मलसीसर में 15, चिड़ावा में 16, बिसाऊ में 10MM, चूरू शहर में 8, करौली के हिंडौन में 1, भरतपुर के कामां में 6, अलवर के खैरथल में 3, तिजारा में 5, जयपुर के विराटनगर 2MM बरसात हुई।

अभी भी 40 डिग्री के करीब तापमान: मंगलवार दिन में सबसे ज्यादा गर्मी पश्चिमी जिलों में रही। बाड़मेर, जैसलमेर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस, गंगानगर में 40.2, चित्तौड़गढ़ में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

राजस्थान के बड़े शहरों का मौसम

जयपुर: मंगलवार को दिनभर गर्मी-उमस का मौसम रहा। सुबह से दोपहर तक मौसम साफ रहा, लेकिन आसमान में हल्के बादल रहे। शाम होने के साथ ही ग्रामीण इलाकों में हल्के बादल छाए और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई। अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

जयपुर में दिनभर हल्के बादल छाए रहे। धूप कमजोर रही, लेकिन दिनभर उमस रही।
अलवर: मंगलवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद बादल छा गए। करीब 3 बजे शहर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। जिले का अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में बारिश की संभावना है।

अलवर में मंगलवार को हल्की बारिश हुई। इससे कारण उमस बढ़ गई।
कोटा: मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बढ़ती उमस और तेज धूप के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की संभावना है।

कोटा बीते कुछ दिनों से फिर से गर्मी का असर बढ़ने लगा है। दिन में तेज धूप और उमस बढ़ने से लोगों को परेशानी हो रही है।
उदयपुर: लेकसिटी में मंगलवार को मौसम सामान्य रहा। अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार की तुलना में अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट दर्ज होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

उदयपुर के तापमान में गिरावट हुई है। यहां आने वाले दिनों में बारिश की संभावना है।
जोधपुर: मंगलवार दिन के समय का अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री ओर न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान आसमान साफ रहा। आने वाले तीन से चार दिनों में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है। इस साल जोधपुर में प्री-मानसून एक्टिविटी भी काफी कम रही है।

जोधपुर में मंगलवार को दिनभर मौसम साफ रहा। दिन के समय तेज धूप के कारण जून में भी तीखी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
सीकर: शहर में मंगलवार दोपहर में करीब 15 से 20 मिनट तक पीली आंधी चली। इसके बाद एक बार फिर मौसम साफ हो गया। सीकर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में बीते दिनों हुई बारिश के कारण गर्मी का असर थोड़ा कम है। आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना है।

सीकर में मंगलवार को कुछ देर के लिए आंधी चली। कुछ देर के लिए बादल भी छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई।
अजमेर: मंगलवार को शहर में गर्मी और उमस का मिला-जुला असर रहा। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हवा में नमी 56 प्रतिशत और शाम को 35 प्रतिशत रही, जिससे दिनभर उमस महसूस हुई।