Ketan Agarwal Murder Case, Siya Goyal: पुणे के केतन अग्रवाल मर्डरकेस में नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सिया गोयल ने कई सारे राज धीरे-धीरे उगलने शुरू कर दिए हैं। उसने पूछताछ के दौरान दावा किया है कि केतन के सिर पर बाल नहीं थे और वह विग पहनता था। वह हकलाता भी था, इसलिए उसे पसंद नहीं करती थी। सिया और चेतन चौधरी रिलेशनशिप में थे और दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन घरवालों की मर्जी के चलते सिया को केतन से सगाई करने पर मजबूर होना पड़ा।
एबीपी न्यूज के अनुसार, पुलिस से पूछताछ के दौरान सिया ने कई दावे किए। इसी में उसने बताया कि चूंकि केतन विग लगाता था, इसीलिए वह उसे पसंद नहीं करती थी। इसी वजह से वह चेतन के साथ रिलेशन में थी। हकलाने की बात सिया के परिवार वाले भी जानते थे। शादी के समय से ही उन्हें इस बारे में पता था, लेकिन फिर भी शादी तय हुई। सिया ने केतन से शादी नहीं करने के लिए इसलिए नहीं मना किया, क्योंकि वह घर वालों को नाराज नहीं करना चाहती थी।
लोहागढ़ किले से नीचे 400 फीट गहरी खाई में दिया धक्का
केतन अग्रवाल पुणे के रियल स्टेट बिजनेसमैन का बेटा था। वह खुद भी कंपनी में डायरेक्टर के पद पर था। उसकी शादी के लिए कई करोड़ों खर्च होने वाले थे। केतन के मामा ने परिवार के दूर के रिश्ते में यह शादी तय करवाई थी। फरवरी में दोनों की सगाई हुई थी और नवंबर में शादी होने वाली थी। 17 करोड़ में सिर्फ महल बुक किया गया था और शादी में भी करोड़ों खर्च होने वाले थे, लेकिन उसके पहले ही सिया ने चेतन के साथ मिलकर लोहागढ़ किले से 400 फीट नीचे गहरी खाई में धक्का देकर केतन की हत्या कर दी।
सिया ने रची थी साजिश, चेतन भी योजना में शामिल
सिया और चेतन ने हत्या करने से एक दिन पहले पुणे के एक कैफे में मुलाकात भी की। सामने आए सीसीटीवी कैमरे में दोनों कैफे के बाहरी हिस्से में बैठकर गुप्त तरीके से चर्चा करते नजर आ रहे। जांच में सामने आया है कि इसी दौरान पूरे हत्याकांड की आखिरी बार साजिश रची गई और तय किया गया कि कब और कैसे केतन को धक्का देकर नीचे फेंकना है। पुलिस की पूछताछ में सिया और चेतन, दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे। बाद में सिया ने स्वीकार कर लिया कि साजिश उसने ही रची थी और चेतन भी इस योजना में शामिल था।