बिजली कटौती पर भड़के मंत्री कपिलदेव अग्रवाल: अफसर को फोन पर लगाई फटकार

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती के बीच प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मंत्री बिजली विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी से फोन पर बात करते हुए शहर में बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर करते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि वीडियो शुक्रवार शाम का है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रविवार को यह पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है। एक ओर जहां लोग भीषण गर्मी, उमस और घंटों की बिजली कटौती से परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर मंत्री का यह सख्त तेवर लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बन गया है।

वीडियो में मंत्री कपिलदेव अग्रवाल शहर के शिव चौक के पास खड़े होकर बिजली विभाग के अधिकारी से कहते सुनाई दे रहे हैं कि “सुबह से बिजली नहीं है… लोग परेशान हैं… आप क्या कर रहे हैं? आपकी टीम क्या कर रही है?” उन्होंने अधिकारी को यह भी कहा कि जनता सीधे जनप्रतिनिधियों से सवाल कर रही है और ऐसी स्थिति में जवाब देना मुश्किल हो रहा है।

मंत्री ने फोन पर ही बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार करने और खराब आपूर्ति को जल्द बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता को इस भीषण गर्मी में राहत मिलनी चाहिए और विभाग को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी।

गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से मुजफ्फरनगर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में घोषित और अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है और लोग लगातार प्रदर्शन कर विरोध दर्ज करा रहे हैं।