बिहार के बांका में मिला महिला का कटा सिर, धड़ की तलाश; पति समेत 3 हिरासत में

बांका: बिहार के बांका जिले में एक महिला का कटा सिर मिलने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि यहां बेलहर के जिलेबिया मोड़ थाना क्षेत्र के रांगा गांव में एक विवाहिता की गला काटकर नृशंस हत्या कर दी गई है। साक्ष्य मिटाने के लिए धड़ को लापता कर दिया गया। रविवार दोपहर एक कुत्ते ने डुमरहार गांव के गड्ढे में गड़े हुए सिर को खोद कर निकाल दिया। कटा हुआ सिर देखते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजू कुमार ठाकुर के नेतृत्व में जिलेबिया मोड़ पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। शाम तक शव के धड़ की तलाश की गई लेकिन नहीं मिला है। मृतका की पहचान रांगा गांव निवासी विवेक कुमार की पत्नी प्रियंका देवी (26 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल के लोगों पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है।

मृतका के पिता मटिहानी गांव के सुकदेव पंडित ने रविवार सुबह पुत्री प्रियंका देवी के ससुराल से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने रांगा गांव निवासी ससुर नेफरू पंडित, सास मधुमाला देवी, पति विवेक पंडित और ननद सिंकू देवी पर उनकी पुत्री प्रियंका देवी को लापता करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने बताया कि ससुराल पक्ष के अन्य पुरुष फरार हैं, जबकि मृतका के पति, सास और ननद को पुलिस पूछताछ के लिए थाना ले लाई है।

इधर, एफएसएल टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। बेलहर एसडीपीओ रविंद्र मोहन प्रसाद ने बताया कि विवाहिता की गला काटकर हत्या की गई है। उसका धड़ अभी तक बरामद नहीं हो सका है। धड़ की खोज के लिए डॉग स्क्वॉयड को बुलाया गया है। हिरासत में ली गई दोनों महिलाओं और मृतका के पति से पूछताछ की जा रही है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

धरी की धरी रह गई बहन की शादी की खुशी
प्रियंका देवी की हत्या से एक तरफ जहां मायका पक्ष में मातम छा गया है वहीं ससुराल में तीन मासूम बेटियों के सर से मां का साया उठ गया है। मायके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बेटी के गम में मां रामबतिया देवी और पिता सुकदेव पंडित का हाल बेहाल हो गया है। भाई मंटू पंडित ने रोते हुए बताया की आगामी एक जुलाई को छोटी बहन आंसू प्रिया की शादी थी। निमिया से बारात आने वाली थी। शनिवार की रात छोटी बहन का मटिहानी गांव स्थित घर पर तिलक समारोह था। जिसमें आने के लिए बहन प्रियंका देवी और उसके पति विवेक को आमंत्रित किया गया था। लेकिन तिलक समारोह में उनकी बहन नहीं पहुंची।

रात बाहर ससुराल में किसी ने फोन भी नहीं उठाया। अंत में रविवार की सुबह दो तीन आदमी बहन के ससुराल रांगा गांव पहुंचे जहां ससुराल वालों ने कहा की शनिवार को तीन बजे दिन में ही उनकी बेटी मायके चली गई है। ससुराल वालों पर संदेह होने पर जिलेबिया मोड़ थाने में पिता सुकदेव पंडित ने बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें बहन के ससुर नेफरू पंडित, सास मधुमाला देवी, पति विवेक कुमार और ननद सिंकु देवी पर उनकी पुत्री को लापता करने का आरोप लगाया था। उसके कुछ घंटे बाद ही पता चला की डुमरहार गांव के पास एक जोर में उनकी बहन का कटा हुआ सिर पुलिस ने बरामद किया।