वॉट्सऐप ने अबतक के अपने सबसे बड़े फीचर ‘वॉट्सऐप यूजरनेम’ (WhatsApp Username) को रिजर्व करने की सुविधा का ऐलान कर दिया है। NBT Tech को दी गई जानकारी में वॉट्सऐप ने बताया है कि वह दुनियाभर में यूजरनेम फीचर की बुकिंग शुरू कर रहा है।
यह कंपनी का बहुत बड़ा प्राइवेसी फीचर है, जिसे लोगों के फोन नंबर को सेफ रखने के लिए डिजाइन किया गया है। लोग अपना फोन नंबर किसी को बताए बिना उनसे वॉट्सऐप पर कनेक्ट हो पाएंगे। खास बात है कि लोग अपनी पसंद का यूजरनेम चुन सकते हैं। यह जरूरी नहीं कि वह यूजरनेम किसी अन्य ऐप के हैंडल से मेल खाता हो। वॉट्सऐप ने स्पष्ट किया है कि यह एक प्राइवेसी फीचर है, सोशल मीडिया हैंडल नहीं।
कैसे काम करेगा वॉट्सऐप यूजरनेम फीचर?
वॉट्सऐप के अनुसार, यूजरनेम को रिजर्व करने की शुरुआत सोमवार, 29 जून से शुरू हो रही है।
कंपनी ने बताया है कि फीचर को इस साल के अंत तक लाया जाएगा। हालांकि उससे पहले ही यूजरनेम को रिजर्व कराया जा सकता है।
वॉट्सऐप के अनुसार, जब यह फीचर आ जाएगा, तो लोगों को उनके ऐप में नोटिफिकेशन मिल जाएगा।
वॉट्सऐप ने सुझाव दिया है कि लोगों के लिए ऐसा अनोखा वॉट्सऐप यूजरनेम चुनना सही रहेगा, जो सिर्फ उन्हीं लोगों को पता हो जिनसे यूजर संपर्क करना चाहता है।
वॉट्सऐप यूजरनेम फीचर के फायदे?
फोन नंबर रहेगा सिक्योर: अब आप अपने फोन नंबर के बजाय अपना यूनीक यूजरनेम दूसरों के साथ शेयर कर पाएंगे। अगर कोई किसी को सर्च करना चाहता है तो उसे यूजर का सटीक यूजरनेम पता होना चाहिए। खास बात है कि यूजरनेम को जरूरत पड़ने पर ऐप के अंदर ही बदला जा सकेगा।
प्राइवेसी की एक्स्ट्रा लेयर: इस फीचर के साथ ही वॉट्सऐप ने एक और प्राइवेसी लेयर को ऐप में जोड़ने की बात कही है। इसके तहत आपको कौन मैसेज कर सकता है, इसे कंट्रोल करने के लिए आप एक ‘यूजरनेम की’ (Username Key) सेट कर सकते हैं। इसका फायदा यह होगा कि जो कोई भी पहली बार आपके यूजरनेम के जरिए आपको मैसेज करेगा, उसे उस ‘की’ (कोड) की जरूरत होगी।
वॉट्सऐप ने वॉट्सऐप यूजरनेम को पॉपुलर बनाने के लिए आमिर खान के साथ पार्टनरशिप की। वॉट्सऐप का कहना है कि बहुत से लोग किसी से मिलने के बाद संपर्क में रहना चाहते हैं, लेकिन उसे अपना नंबर देने से झिझकते हैं। ऐसी स्थिति में वॉट्सऐप यूजरनेम बहुत काम आएगा। यह लोगों के मोबाइल नंबर को प्रोटेक्ट करेगा।
कैसे चुनें अपना यूजरनेम?
वॉट्सऐप के ब्लॉग के अनुसार, यूजर खुद अपना यूजरनेम चुन सकता है। अगर किसी को नाम चुनने में मदद चाहिए, तो एक यूजरनेम जनरेटर भी मदद करेगा। कंटेंट क्रिएटर्स, छोटे बिजनेसमैन और ऑर्गनाइजेशन को वॉट्सऐप पर भी अपना मौजूदा इंस्टाग्राम या फेसबुक वाला यूजरनेम ही रिजर्व करने का विकल्प दिया जा रहा है। उदाहरण के लिए- NBT Tech फेसबुक नाम को ही वॉट्सऐप पर भी उपयोग किया जा सकेगा।
वॉट्सऐप पर यूजरनेम चुनने के लिए Whatsapp के लेटेस्ट वर्जन पर जाकर अपना ऑप्शनल यूजरनेम रिजर्व किया जा सकता है।
इसके लिए Settings में जाकर Account में जाएं और Username का चुनाव करें।
वॉट्सऐप धीरे-धीरे फीचर को रोलआउट करेगा। भारत में आने पर लोगों को नोटिफिकेशन से जानकारी दी जाएगी।