हिमाचल में मंजू शर्मा की मौत की मैजिस्ट्रेट जांच के आदेश, महिला डॉक्टर को नोटिस, आमरण अनशन पर बैठे बंटी सराजी

कुल्लू. हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में 21 जून को क्षेत्रीय अस्पताल में डिलीवरी के बाद 23 वर्षीय महिला की मौत मामले में डॉक्टर पर लापरवाही के आरोप लगे हैं. ऐसे में सोमवार को कुल्लू अस्पताल और ढालपुर चौक में बड़ा प्रदर्शन किया गया. जिला मुख्यालय में 10 घंटे से लगातार सैंकड़ों युवा सड़कों पर धरना प्रदर्शन करते रहे.

मंजू की मौत होगी मैजिस्ट्रेट जांच, डॉक्टर को नोटिस, आमरण अनशन पर बैठे बंटी
कुल्लू जिले में 21 जून को क्षेत्रीय अस्पताल में डिलीवरी के बाद 23 वर्षीय महिला की मौत मामले में डॉक्टर पर लापरवाही के आरोप लगे हैं. प्रदर्शनकारियों ने 3 घंटे तक सड़क जाम रखी और इस कारण लंबा जाम देखने को मिला. हालांकि, मामले की मैजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं. अस्पताल की महिला डॉक्टर अनु और नर्सों पर लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं.

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने एसपी कार्यालय का घेराव किया और एसपी कार्यालय में मृतक महिला मंजू शर्मा के परिजनों के साथ एडीसी कुल्लू अश्वनी कुमार, एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ,तहसीलदार कुल्लू अनिल कुमार मौजूद रहे. परिजनों ने प्रशासनिक अधिकारियों से अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही पर डॉक्टर्स और नर्सों को निलंबित करने की मांग की.

इसके बाद एडीसी कुल्लू अश्वनी कुमार ने मजिस्ट्रेट जांच के आदे दिए. हालांकि, प्रदर्शनकारियों में बंटी सराजी समेत 15-20 युवा अस्पताल में आमरण अनशन पर बैठ गए हैं. अस्पताल प्रबंधन की तरफ से भी मामले में विभागीय जांच मंगलवार 3:00 बजे तक पूरी करने का आश्वासन दिया. सीएमओ हीरा लाल ने बताया कि पांच मैंबरों की कमेटी बनाई गई है, जो कि जांच करेगी. एडीसी कुल्लू अश्वनी कुमार ने कहा कि प्रशासन की तरफ से स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रबंधन को जांच के निर्देश दिए हैं. अस्पताल प्रबंधन ने एक कमेटी का गठन किया गया है.

महिला डॉक्टर को नोटिस
इस मामले में अस्पताल प्रबंधन ने आरोपी महिला डॉक्टर को नोटिस दिया है. नोटिस में कहा गया है कि महिला डॉक्टर को कई बार फोन किए गए लेकिन उनका जवाब नहीं आया, ऐसे में उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए समय दिया गया है. उधर, बंटी सराजी ने कुल्लू अस्पताल में आमरण अनशन के दौरान मंगलवार सुबह बताया कि कुछ युवाओं के साथ वह अनशन पर बैठे हैं और तीन बजे तक रिपोर्ट का इंतजार करेंगे.

इससे पहले, सोमवार को प्रदर्शन के दौरान बलदेव ठाकुर उर्फ़ बंटी सराजी ने कहा कि 21 जून को प्रसूता मंजू शर्मा की डिलीवरी के दौरान ऑपरेशन के 24 घंटे बाद मौत हुई थी. लापरवाही करने वाली डॉक्टर को टर्मिनेट किया जाए. अस्पताल कल्लू के डॉक्टर कमेटी में है और ऐसे में निष्पक्ष जांच नहीं हो पाएगी. साथ ही जांच होने तक डॉक्टर को निलंबित किया जाए. मामले में ना तो मुख्यमंत्री और ना ही स्वास्थ्य मंत्री का बयान सामने आया है.

मंडी जिले के बालीचौकी की मंजू शर्मा को 21 जून को कुल्लू अस्पताल में भर्ती किया गया था और उसने यहां पर डिलीवरी के बाद बेटी को जन्म दिया था. हालांकि, महिला की तबीयत इस दौरान काफी खराब होती रही और फिर उसकी मौत हो गई. पति का आरोप है कि वह कई बार नर्सों और डॉक्टर से कहते रहे कि तबीयत खराब हो रही है. हालांकि, इन्होंने कहा कि महिला ड्रामा कर रही है. मामले में परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग को शिकायत दी है.