पटना। राजधानी सहित प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता बढ़ी है। इसके प्रभाव से जिलों में मेघ गर्जन के साथ भारी और अत्यधिक वर्षा से मौसम सामान्य हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार मंगलवार को पटना सहित राज्य के सभी भागों में बादल छाए रहने के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ कई जिलों में आंधी-पानी की स्थिति बने रहने की संभावना है।
गोपालगंज एवं पश्चिम चंपारण में अत्यधिक भारी वर्षा को लेकर चेतावनी
प्रदेश के गोपालगंज एवं पश्चिम चंपारण में अत्यधिक भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। जबकि, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी एवं वैशाली जिले में भारी वर्षा की संभावना है।
प्रदेश के अन्य भागों में आंधी-पानी की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान हवा की गति 40-50 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है। राजधानी में बादलों की आवाजाही के साथ छिटपुट वर्षा से मौसम सामान्य बने रहने के आसार है।
कई जिलों में हल्की बारिश
राजधानी पटना सहित कई जिलों में दोपहर में बादलों की आवाजाही बढ़ने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा से मौसम का तेवर में बदलाव देखने को मिला। कई जगहों पर बादल छाए लेकिन वर्षा नहीं हुई। देर शाम बादल के छाए रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
मौसम में बदलाव आने के साथ पटना सहित 21 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बीते 24 घंटे के दौरान राजधानी के अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 35.4 डिग्री सेल्सियस एवं 38.1 डिग्री सेल्सियस के साथ शेखपुरा में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।
गोपालगंज में मानसून का प्रसार होने से सोमवार को बेतिया, बगहा, कटिहार, खगड़िया, छपरा, रोहतास, कैमूर, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, मधुबनी, बक्सर आदि जगहों पर वर्षा होने से मौसम सामान्य बना रहा।
कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने के साथ कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग भागों में वर्षा दर्ज की गई।
सुपौल के सरायगढ़ भापतियाही में सर्वाधिक वर्षा 196.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सुपौल के पिपरा में 140 मिमी, किशनपुर के 133.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों के तापमान में गिरावट
मौसम में बदलाव आने के साथ पटना सहित 21 शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अरवल के अधिकतम तापमान में पांच डिग्री , बक्सर में 10 डिग्री, कटिहार में चार डिग्री, डेहरी में पांच डिग्री, मोतिहारी में सात डिग्री, औरंगाबाद में 2.2 डिग्री, सुपौल में चार डिग्री, फारबिसगंज में पांच डिग्री, मधुबनी में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों में दर्ज हुई वर्षा
अररिया के नरपतगंज में 96 मिमी, सुपौल के मरौना 95.5 मिमी, पूर्णिया के बायसा में 68.2 मिमी, मधुबनी के माधेपुर 58.6 मिमी, अररिया में 52 मिमी, दरभंगा में 50 मिमी, पूर्णिया में 49.1 मिमी, मधेपुरा के कुमारखंड में 43.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। किशनगंज के पोठिया में 42.2 मिमी और अररिया के रानीगंज में 41.2 मिमी किशनगंज के टेढ़ागाछ में 47.4 मिमी, मधेपुरा के सिंहेश्वर में 46.4 मिमी, मधेपुरा के कुमारखंड में 43.2 मिमी एवं अररिया के रानीगंज में 41.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शहर अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C)
पटना 35.4 30.5
गया 37.2 27.4
भागलपुर 35.7 26.0
मुजफ्फरपुर 32.0 27.5