बिहार के मुजफ्फरपुर में बारात में धांय-धांय, हर्ष फायरिंग में 3 लोगों को लगी गोली; हड़कंप

साहेबगंज, मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में हर्ष फायरिंग की घटना सामने आई है। यहां एक बारात के दौरान जमकर गोलियां चलीं। इस गोलीबारी में तीन लोगों को गोली लगी है। गोली लगने के बाद यहां अफरातफरी मच गई और शादी-बियाह की खुशियां काफूर हो गईं। यहां साहेबगंज में नगर परिषद के परसौनी जहांगीर वार्ड -21 में सोमवार की रात बारात के दरवाजा लगने के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए।

इस दौरान अफरातफरी मच गई। घायल परसौनी जहांगीर निवासी टेंट संचालक 35 वर्षीय अनिल पासवान को सीएचसी लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। उसके बाएं घुटने में गोली लगी है।गोली लगने से घायल दो अन्य लोगों में से एक को मोतिहारी की ओर इलाज के लिए ले जाने की बात बताई जा रही है, जबकि दूसरे को मुजफ्फरपुर शहर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया है।

बताया जाता है कि केसरिया थाने के जगीराहां गांव से परसौनी जहांगीर गांव में मुकेश पाठक के यहां बारात आई थी। दरवाजा लगने के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। बारात में भाेजपुरी गाने बज रहे थे और अवैध हथियार से फायरिंग की जा रही थी। गोली चलाने वाले युवक के नशे में होने की बात बताई गई है। फायरिंग की सूचना मिलने पर अपर थानेदार अशोक राम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। उन्होंने तीन लोगों को गोली लगने की बात कही । बताया जा रहा है कि बारात के दौरान फायरिंग करने वाले शख्स की पहचान की जा रही है। पुलिस के पहुंचने से पहले खोखे छिपा दिए गए थे। पुलिस ने इस मामले में गहरी तफ्तीश शुरू कर दी है।

डीजे पर डांस को लेकर बाराती-सराती में मारपीट
इधर मुजफ्फरपुर के ही सकरा में बरियारपुर थाना क्षेत्र के बाजी मुखिया चौक पर रविवार की रात डीजे पर डांस को लेकर बाराती और सराती पक्ष भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई। इसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। आक्रोशित लोगों ने बोलेरो और तीन बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर पहुंची बरियारपुर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

बताया जाता है कि पवन मुखिया के यहां बेगूसराय से बारात आई थी। वे अपने रिश्तेदार की एक लड़की की शादी अपने घर से कर रहे थे। किसी तरह शादी की रस्म पूरी की गई। शादी के बाद वर-वधू को विदा कर दिया गया। थानेदार शिवचंद्र यादव ने बताया कि डीजे पर डांस करने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई है। आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।