हरियाणा के हांसी में साले ने जीजा पर की फायरिंग, बाथरूम में घुसकर बचाई जान

हांसी. हरियाणा के हांसी शहर के आर्य नगर में सोमवार देर रात पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. बहन के साथ हुए विवाद के बाद गुस्साए साले ने अपने जीजा के घर में घुसकर उस पर गोली चला दी. गनीमत रही कि पीड़ित ने समय रहते बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचा ली. गोली बाथरूम के दरवाजे में जा धंसी. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोली का खाली खोल बरामद कर साक्ष्य जुटाए.

पुलिस को दी शिकायत में आर्य नगर निवासी गुरदीप ने कहा कि सोमवार दिन में उसका अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद के बाद उसकी पत्नी का भाई कमल, निवासी हिसार, घर पहुंचा और अपनी बहन को अपने साथ ले गया. गुरदीप का आरोप है कि इसके बाद कमल ने फोन पर उसे जान से मारने की धमकी दी.
पीड़ित के अनुसार, सोमवार देर रात करीब एक बजे कमल घर का गेट कूदकर अंदर घुस आया और उस पर फायर कर दिया. जान बचाने के लिए वह तुरंत बाथरूम में घुस गया. गोली बाथरूम के दरवाजे में जाकर लगी. इसके बाद उसने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर गोली का खाली खोल बरामद किया और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए. मामले के जांच अधिकारी रामपाल ने बताया कि कंट्रोल रूम से रात करीब एक बजे सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्रित किए गए.

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि गोली गुरदीप को नहीं लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग लाइसेंसी हथियार से की गई या अवैध देसी हथियार से. फिलहाल पुलिस ने आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है.