भोपाल: मध्य प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटे के दौरान भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर, इंदौर, चंबल, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर डिवीजन में अलग-अलग जगहों पर तेज हवा के साथ बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने एमपी के विभिन्न हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी है। कुछ जगहों पर भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान छिंदवाड़ा और सिवनी जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक और तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं देवास, शाजापुर, डिंडोरी जिलों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलेंगी।
इन जिलों में तेज हवा के साथ बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान भोपाल, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, बड़वानी, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, आगर, गुना, अशोकनगर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर जिलों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से रायसेन, नर्मदापुरम, खरगोन, अलीराजपुर, बालाघाट, सागर, पांढुर्णा जिलों के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं और गरज चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो इस हफ्ते यानी 6 जुलाई तक मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग ने कल भी कुछ जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
कल इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने कल यानी पहली जुलाई को देवास, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी और शाजापुर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
बहे 2 लोगों की मौत
इस बीच बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में उफनती चंपा नदी पर डूबे रपटे को पार करते वक्त बाइक समेत बहे 2 लोगों की लाशें घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों में बरामद की गईं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिपलई गांव निवासी 42 वर्षीय राजेश बिहारे और 40 वर्षीय दद्दू धुर्वे सोमवार शाम देवपुर से अपने गांव लौट रहे थे। लगातार बारिश के कारण चंपा नदी उफान पर थी। फिर भी दोनों ने मोटरसाइकिल से रपटा पार करने की कोशिश की। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों बाइक समेत नदी में बह गए।