मुंबई: Siya Goyal Viral Video: केतन मर्डर केस में सिया गोयल और चेतन चौधरी पुलिस की गिरफ्त में हैं। दोनों से पूछताछ हो रही है और पुलिस कोर्ट में दोनों को जिम्मेदार ठहराने के लिए सबूत इकट्ठे कर रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सिया के एक इशारा करने के बाद उसके बॉयफ्रेंड चेतन ने पुणे के लोहागढ़ किले से केतन को नीचे धक्का दे दिया था। इससे केतन की मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच, सिया के कई पुराने वीडियोज सामने आ रहे हैं। एक वीडियो आया है, जिसमें उसके हाथ में बीयर की बोतल है और किसी से फोन पर बात कर रही है। इस दौरान, वह खूब गालियां देती भी दिख रही।
सिया गोयल का यह वीडियो दिसंबर, 2025 का है। इसमें वह एक पब में है और उसके हाथों में बीयर की बोतल है। वह फोन पर बातचीत कर रही है। इसी दौरान, वह कहती है कि पहले उसने मुझे चीट किया और अब कॉल कर रहा। इससे पहले भी सिया के कई वीडियोज सामने आ चुके हैं। एक वीडियो में वह महाराष्ट्र क्रिकेट लीग देखती नजर आ रही थी। उसके साथ चेतन चौधरी भी था। वहीं, हत्याकांड से ठीक एक दिन पहले भी उसने पुणे के एक कैफे में चेतन से मुलाकात की थी। दोनों ने एकांत में बैठकर हत्या की पूरी प्लानिंग की। अगले दिन सिया और चेतन ने मिलकर कथित तौर से केतन को मार डाला।
लोहागढ़ किले से धक्का देने का है आरोप
सिया गोयल और चेतन चौधरी पर आरोप लगा है कि दोनों ने मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या कर दी। 18 जून को केतन और सिया पुणे के लोहागढ़ किले में ट्रेक करने गए थे। इसी दौरान, सिया का बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी भी वहां पहुंच गया। सिया का एक इशारा मिलते ही चेतन ने केतन को धक्का दे दिया। 400 फीट गहरी खाई में गिरने के कारण, केतन की मौत हो गई। शुरुआत में यह मामला एक हादसा माना गया। सिया भी इमोशनल नजर आई और उसने केतन को मिस करता हुआ स्टेटस इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। लेकिन जब बाद में केतन की बहन और सिया की मुलाकात हुई और बातचीत हुई तो उन्हें कुछ शक हुआ। पुलिस को पूरे मामले के बारे में बताया गया। जांच में सामने आया कि सिया ने चेतन चौधरी के साथ मिलकर कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटा दिया।
इस बीच, पुलिस को गुरुवार को तब एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब सिया गोयल ने लाइ डिटेक्टर टेस्ट यानी कि पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए अपनी मंजूरी दे दी। इसमें घटना से जुड़े सवालों के जवाब देते समय ब्लड प्रेशर, नाड़ी, सांस लेने की गति और पसीना आने जैसी शारीरिक प्रतिक्रियाओं को मापा जाता है। उसी के जरिए पुलिस को यह समझने में आसानी होती है कि आरोपी सच बोल रहा है या नहीं। यह जांच करवाने के लिए आरोपी की सहमति की जरूरत होती है। इससे पहले, पुलिस ने पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में स्थित सिया गोयल के घर की तलाशी के दौरान वे कपड़े भी बरामद किए हैं, जिन्हें उसने 18 जून को घटना वाले दिन कथित तौर पर पहना था।