कौन थी वो महिला, जिसने SSP मुजफ्फरनगर से कहा पहले मेरा नंबर तो ले लीजिए

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर एसएसपी को आए कॉल की खूब चर्चा हो रही है। दरअसल, पुलिस अधिकारियों के फोन पर शिकायतें, आपातकालीन सूचनाएं या प्रशासनिक कॉल आती रहती हैं। इस दरम्यान गुरुवार को जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ एक ऐसा दिलचस्प वाकया हुआ, जिसने पूरे पुलिस महकमे के चेहरे पर मुस्कान ला दी। दोपहर करीब एक बजे एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निजी मोबाइल पर एक महिला का फोन आया। महिला ने संकोच के साथ बताया कि उससे गलती से उनके मोबाइल नंबर पर 299 रुपये का जियो रिचार्ज हो गया है। वह चाहती है कि किसी तरह उसकी राशि वापस मिल जाए।

एसएसपी हुए हैरान
अनजान महिला की कॉल सुनकर पहले तो एसएसपी को लगा कि कहीं यह किसी नए तरह की ऑनलाइन ठगी का मामला तो नहीं है। मामले का पता लगाने के लिए जब उन्होंने अपने मोबाइल की जांच की तो वास्तव में 299 रुपये के रिचार्ज का संदेश मौजूद मिला। इसके बाद मामला पूरी तरह स्पष्ट हो गया। सच्चाई सामने आते ही एसएसपी ने महिला को भरोसा दिलाया कि उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि जितनी राशि का रिचार्ज उनके नंबर पर हुआ है, उतने ही रुपये का रिचार्ज तुरंत महिला के मोबाइल नंबर पर करा दिया जाएगा।

इसी दौरान बातचीत में एक दिलचस्प पल भी आया। एसएसपी ने जब महिला को आश्वस्त किया कि उसका रिचार्ज करा दिया जाएगा, तो महिला ने सहज अंदाज में कहा- पहले मेरा नंबर तो ले लीजिए। यह सुनते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मी और मीडियाकर्मी अपनी हंसी नहीं रोक सके। पूरा माहौल हल्का-फुल्का हो गया।