मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक वीडियो आखिरकार एक गौपालक पर भारी पड़ गया। रात के अंधेरे में अपनी दुधारू गाय के बछड़े को चोरी-छिपे जंगल में लावारिस छोड़ने की कोशिश करने वाले व्यक्ति को शहर कोतवाली पुलिस ने वीडियो के आधार पर पहचान कर पकड़ लिया।
अब आरोपी ने पुलिस के सामने अपनी गलती स्वीकार कर दोबारा ऐसी हरकत न करने की बात कही, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया।
मामला मंगलवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे का है। शहर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला टिल्ला निवासी राकेश अपनी गाय के बछड़े को लेकर न्याजूपुरा के जंगल में पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसे संदिग्ध परिस्थितियों में देख लिया। पूछताछ करने पर मामला सामने आया तो युवकों ने पूरी घटना अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली। बुधवार को ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
गौसेवक नीशू ने शहर कोतवाली पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर रामलीला टिल्ला चौकी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो की मदद से गुरुवार को आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने जंगल में छोड़े गए बछड़े को भी बरामद कर गौसेवक नीशू के सुपुर्द किया, जिन्होंने बाद में उसे कूकड़ा स्थित नंदी गौशाला पहुंचा दिया।
पूछताछ में आरोपी राकेश ने माना कि उसने गलती की है और भविष्य में कभी भी इस तरह की हरकत नहीं करेगा। हालांकि पुलिस ने उसकी माफी को पर्याप्त नहीं माना और कानूनी कार्रवाई करते हुए उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।
अब शुक्रवार सुबह इस पूरे घटनाक्रम के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। पहले वीडियो में आरोपी को बछड़ा छोड़ते समय स्थानीय युवक घेरते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में वह पुलिस हिरासत में खड़ा होकर हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार करता नजर आ रहा है। साथ ही वो भविष्य में इस तरह की गलती ना करने की कसम भी खा रहा है।