एटा में भीषण हादसा: रोडवेज बस में धक्का लगा रहे यात्रियों को कंटेनर ने मारी टक्कर, 4 की मौत, कई घायल

एटा : गुरुवार की देर रात फर्रुखाबाद से एटा आ रही एटा डिपो की रोडवेज बस एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे थाना बागवाला क्षेत्र के गांव कीलरमऊ के पास बस अचानक खराब हो गई। चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। बस को दोबारा स्टार्ट करने के लिए करीब दस यात्री बस के पीछे धक्का लगा रहे थे, जबकि कुछ यात्री आगे खड़े थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस को धक्का लगा रहे यात्री बस और कंटेनर के बीच बुरी तरह दब गए, जबकि बस के आगे खड़े लोग भी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

इमरजेंसी में चिकत्सकों ने राजेश (34) पुत्र रामसिंह निवासी दौलतपुर थाना नवाबगंज, सुखराम पुत्र राजपाल निवासी पिलखना, शैलेश कुमार पुत्र जोगराज सिंह निवासी उम्मरपुर थाना नवाबगंज (सभी जनपद फर्रुखाबाद) तथा सत्येंद्र पुत्र राजकुमार निवासी भरी थाना स्याना, जनपद बुलंदशहर को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

हादसे में रवि पुत्र राजेश निवासी गोदेपुर थाना मोहम्मदाबाद, विक्रांत, आनंद सिंह और दक्ष सहित कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार मेडिकल कॉलेज में जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।