हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक 26 साल की शादीशुदा महिला ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। इस दौरान वह अपने एक दोस्त से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। मामला शहर के लंगर हौज इलाके का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस इसे संदिग्ध मौत मानकर हर पहलू की जांच कर रही है। होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और महिला के साथ होटल पहुंचे युवक से पूछताछ की जा रही है।
होटल में दोस्त के साथ पहुंची थी महिला
पुलिस के अनुसार अलवाल निवासी रेणुका शादीशुदा थी। उसका एक बच्चा भी है। रेणुका शहर के एक रेस्टोरेंट और पब में काम करती थी। वह बुधवार तड़के करीब तीन बजे वह अपने एक पुरुष मित्र के साथ लंगर हौज के होटल में पहुंची थी। दोनों ने यहां कमरा बुक कराया।
दोस्त के जाने के बाद हुई घटना
होटल रिकॉर्ड के अनुसार लगभग 19 घंटे साथ रहने के बाद गुरुवार रात करीब 10:30 बजे रेणुका का पुरुष मित्र होटल से चला गया। उसके बाद रात 11:56 बजे रेणुका ने कमरे में खाना मंगवाया। शुक्रवार को करीब रात 12:24 बजे उसने अपने एक दोस्त सत्या को वीडियो कॉल किया। उसी दौरान फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
होटल स्टाफ ने पुलिस को दी सूचना
होटल कर्मचारी चेक-आउट के लिए कॉल किया, लेकिन काफी समय तक जब जवाब नहीं मिला, तो कमरे में जाकर देखा। उसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से मिले सबूतों को भी सुरक्षित रख लिया है।
सीसीटीवी और मोबाइल की जांच जारी
लंगर हौज थाने के अधिकारियों ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। होटल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही मृतका के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है ताकि अंतिम समय में हुई बातचीत और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। महिला के साथ होटल पहुंचे पुरुष मित्र से भी पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत के कारणों का अंतिम खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले के सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच जारी है।