पीएम मोदी 4 जुलाई को राजस्थान दौरे पर, ₹1.06 लाख करोड़ की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई 2026 को राजस्थान और गुजरात के दौरे पर जाने वाले हैं. इस दौरान वे जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन और मॉडिफाइड UDAN पॉलिसी की शुरुआत करेंगे. बालोतरा में करीब 1.06 लाख करोड़ के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का उद्घाटन और नींव रखेंगे. जिसमें देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी, जयपुर मेट्रो फेज-2, रेलवे, सड़क और सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट्स शामिल हैं. इसके बाद गुजरात के साणंद में ₹7,500 करोड़ की लागत से बने सेमीकंडक्टर OSAT प्लांट का उद्घाटन करेंगे.

जोधपुर से होगी दौरे की शुरुआत
प्रधानमंत्री सुबह करीब 10:45 बजे जोधपुर पहुंच कर जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन करेंगे. इसी के साथ मॉडिफाइड UDAN पॉलिसी की शुरुआत भी करेंगे. इसके बाद पीएम बालोतरा के लिए रवाना होंगे, जहां कई सारे डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स की सौगात देने के साथ एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे.

सरकार ने नई UDAN पॉलिसी के लिए अगले 10 सालों में ₹28,840 करोड़ का प्रावधान किया है. इस पॉलिसी का मकसद देश के छोटे शहरों और दूरदराज के इलाकों को एयर सर्विस से जोड़ना है.

पॉलिसी के तहत देशभर में 100 नए या कम इस्तेमाल हुए एयरस्ट्रिप डेवलप किए जाएंगे, जिन पर लगभग ₹12,000 करोड़ खर्च किए जाएंगे. इसके अलावा रीजनल एयरपोर्ट के शुरुआती संचालन को मजबूत बनाने के लिए ₹2,500 करोड़ का प्रावधान किया गया है.

रिमोट और पहाड़ी इलाकों में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए 200 मॉडर्न हेलिपैड भी बनाए जाएंगे. एयरलाइंस को शुरुआती ऑपरेशन के लिए रीजनल फ्लाइट्स के लिए ₹10,000 करोड़ से ज्यादा की Viability Gap Funding (VGF) सपोर्ट मिलेगा. साथ ही HAL ध्रुव हेलीकॉप्टर और डोर्नियर जैसे स्वदेशी विमानों के यूज को भी बढ़ावा दिया जाएगा.

जोधपुर एयरपोर्ट को मिला मॉडर्न टर्मिनल
प्रधानमंत्री ₹480 करोड़ की लागत से बने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे. 23,000 वर्गमीटर से ज्यादा एरिया में फैला ये टर्मिनल हर साल लगभग 20 लाख यात्रियों को संभालने सकेगा.

बालोतरा के प्रोजेक्ट्स, देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी
बालोतरा में प्रधानमंत्री पेट्रोकेमिकल, रेलवे, सड़क, मेट्रो, रिन्यूएबल एनर्जी और पावर ट्रंसमिशन से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट का उद्घाटन और नींव रखेंगे. प्रधानमंत्री पचपदरा में देश की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स राष्ट्र को समर्पित करेंगे. HPCL और राजस्थान सरकार के जॉइंट वेंचर के तहत विकसित हुए इस प्रोजेक्ट पर ₹79,450 करोड़ से ज्यादा का निवेश हुआ है.

जयपुर मेट्रो फेज-2 की रखेंगे नींव
प्रधानमंत्री ₹13,000 करोड़ से ज्यादा की लागत वाले जयपुर मेट्रो फेज-2 प्रोजेक्ट की नींव भी रखेंगे. इस फेज में 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसमें 36 स्टेशन होंगे. ये कॉरिडोर सीतापुरा, विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया (VKI), जयपुर एयरपोर्ट, एसएमएस अस्पताल, टोंक रोड और अन्य प्रमुख इलाकों को जोड़ेगा. इससे शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट ज्यादा सेफ और बेहतर तरीके से चल सकेंगे.

रेलवे और सड़क प्रोजेक्ट
प्रधानमंत्री चूरू-सादुलपुर (58 किमी) और चूरू-रतनगढ़ (46 किमी) रेल लाइन दोहरीकरण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे. करीब ₹900 करोड़ की लागत वाले इन प्रोजेक्ट्स से उत्तर-पश्चिम राजस्थान में रेल संपर्क मजबूत होगा और माल और पैसेंजर्स ट्रेनों का ऑपरेशन बेहतर तरीके से हो सकेगा.

इसके अलावा ₹740 करोड़ की लागत से तैयार NH-125A के जोधपुर रिंग रोड सेक्शन-2 का भी उद्घाटन किया जाएगा, जिससे रीजनल ट्रांसपोर्ट पहले से बेहतर और सेफ हो जाएगा.

रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन
प्रधानमंत्री SJVN की 1,000 मेगावाट बीकानेर सोलर प्रोजेक्ट और NHPC की 300 मेगावाट कर्णीसर सोलर प्रोजेक्ट राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इन प्रोजेक्ट्स में पूरी तरह स्वदेशी सोलर मॉड्यूल और सोलर सेल का इस्तेमाल किया गया है.

इसके साथ राजस्थान रिन्यूएबल एनर्जी जोन से बिजली निकासी के लिए ₹1,900 करोड़ से ज्यादा की लागत वाली ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन और 530 किलोमीटर लंबी नई ट्रांसमिशन सिस्टम की भी नींव रखी जाएगी.