चरथावल में नाबालिग छात्र से मारपीट:कोचिंग से लौटते समय पीटा

मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के रोनी हरजीपुर गांव में शुक्रवार को एक नाबालिग छात्र के साथ मारपीट और अमानवीय हरकत का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पांच नामजद और कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, यह घटना 27 मई शाम करीब छह बजे हुई। पीड़ित का 17 वर्षीय पिता रोनी हरजीपुर गांव में कोचिंग करता है। कोचिंग से लौटते समय गांव के बाहर एक युवक ने उसकी बाइक रुकवाई और लिफ्ट मांगी।

इसके बाद वहां पहले से मौजूद चार अन्य युवकों और कुछ अज्ञात लोगों ने मिलकर नाबालिग छात्र के साथ मारपीट की। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने छात्र का आईफोन और मोबाइल सिम छीन लिया।

उन पर छात्र के साथ अमानवीय हरकतें करने, उस पर पेशाब करने और जबरन उसका मुंह खुलवाने का भी आरोप है। घायल छात्र किसी तरह अपने घर पहुंचा। उसे तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया।

गंभीर हालत को देखते हुए उसे शामली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां सात दिनों तक उसका इलाज चला। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी उसकी हालत पूरी तरह सामान्य नहीं बताई गई है।

पीड़ित के पिता ने मेडिकल रिपोर्ट के साथ चरथावल थाने में तहरीर देकर नामजद आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण ने मामले में मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है।