मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लोहियानगर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि वह अपनी 16 वर्षीय साली से निकाह करना चाहता था। जब पत्नी ने इसका विरोध किया तो उसे तेजाब पिला दिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराई गई महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के अमरसिंह गांव निवासी रहीमुद्दीन ने करीब डेढ़ वर्ष पहले अपनी बेटी मुस्कान का निकाह लोहियानगर के फतेहउल्लापुर निवासी नासिर से कराया था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही मुस्कान को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से भी परेशान किया जाता था।
साली से निकाह कराने का बना रहा था दबाव
मृतका के परिजनों के मुताबिक, पिछले करीब दो महीनों से नासिर अपनी पत्नी पर दबाव बना रहा था कि वह अपनी 16 वर्षीय छोटी बहन से उसका निकाह करवा दे। मुस्कान लगातार इसका विरोध कर रही थी, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
तेजाब पिलाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि बुधवार को इसी मुद्दे पर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर नासिर ने मुस्कान के मुंह में तेजाब डाल दिया। तेजाब से गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे पहले हापुड़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर गढ़ रोड स्थित दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पति और परिजन फरार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता रहीमुद्दीन की तहरीर पर पहले पति नासिर और उसके परिजनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। महिला की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी है।
पुलिस क्या बोली?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।