मध्यप्रदेश में पत्नी ने बहनोई के साथ फोटो खिंचवाई , गुस्साए पति ने उठाया खौफनाक कदम

पन्ना: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शादी समारोह की खुशियां उस समय पल भर में मातम में बदल गईं, जब एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला. पन्ना टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित कोर क्षेत्र में स्थित जमुनिया गांव के पास हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान 36 वर्षीय कैलाश प्रजापति के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पड़ोसी जिले छतरपुर का रहने वाला था.

शादी में आया था परिवार
जानकारी के अनुसार, कैलाश प्रजापति अपने पूरे परिवार के साथ मड़ला क्षेत्र में रहने वाले अपने साले के बेटे की शादी में शामिल होने आया था. घर में शादी की रस्में चल रही थीं और हर तरफ उत्सव का माहौल था. इसी दौरान एक ऐसी बात हुई जिसने पूरे परिवार को उजाड़ दिया. शादी के कार्यक्रमों के बीच कैलाश की पत्नी ने लड़की के फूफा के साथ फोटो खिंचवा ली. पत्नी को किसी गैर मर्द के साथ फोटो खिंचवाते देख कैलाश बुरी तरह नाराज हो गया. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच बहस शुरू हो गई. वहां मौजूद रिश्तेदारों और परिजनों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया और मामला सुलझा दिया.

जंगल में जाकर लगा ली फांसी
मृतक की साली ने बताया कि विवाद शांत होने के कुछ देर बाद कैलाश ने घर में कहा कि वह शौच के लिए बाहर जा रहा है. इसके बाद वह घर से निकला और गुस्से तथा मानसिक तनाव में पन्ना टाइगर रिजर्व के घने और प्रतिबंधित कोर इलाके की तरफ चला गया. वहां उसने एक पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी. रात भर जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन घने जंगल में उसका कुछ पता नहीं चला. अगले दिन सुबह जब कुछ चरवाहे मवेशी चराने जंगल की तरफ गए, तो उन्होंने पेड़ से लटकता हुआ शव देखा.

पुलिस मामले की जांच में जुटी
चरवाहों ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी. इसके बाद पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. कैलाश की इस आत्मघाती कदम से उसका पूरा परिवार बिखर गया और वह अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है.