टोक्यो: जापान की औद्योगिक जरूरतों को पूरा करने के लिए अगले 5 वर्षों में हरियाणा के लगभग 50,000 युवाओं को रोजगार और इंटर्नशिप के अवसर दिए जाएंगे। जापान के फुकुओका प्रीफेक्चर प्रांत ने हरियाणा के साथ एक ऐतिहासिक सहयोग किया है। हरियाणा सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया है कि जापान के फुकुओका प्रांत में लगभग 80% कंपनियों को जिनमें सेमीकंडक्टर, ऑटोमोबाइल, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की कंपनियां शामिल हैं उन्हें अभी तकनीकी रूप से कुशल कर्मचारियों की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है।
कुशल कर्मचारियों की ज़रूरत को पूरा करने के लिए फुकुओका प्रांत की सरकार ने हरियाणा से सहयोग मांगा है। प्रवक्ता ने कहा कि अगले पांच सालों में हरियाणा के लगभग 50,000 युवाओं को फुकुओका में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। आपको बता दें कि जापान में बुजुर्गों की बढ़ती आबादी और कम होती कार्यशील जनसंख्या के कारण फुकुओका की लगभग 80% तकनीकी और औद्योगिक कंपनियां कुशल कर्मचारियों की भारी कमी का सामना कर रही हैं।
जापान में हरियाणा के युवाओं के लिए बहुत बड़ा मौका
किन इन क्षेत्रों में मिलेंगी नौकरियां- ये रिक्तियां मुख्य रूप से सेमीकंडक्टर, ऑटोमोबाइल, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) और एडवांस विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में हैं।
युवाओं को दी जाएगी ट्रेनिंग- फुकुओका और हरियाणा सरकार के बीच ‘हरियाणा-फुकुओका कनेक्ट 2026’ के तहत उच्च-स्तरीय बैठक हुई है। इसके तहत हरियाणा के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में जापानी भाषा और उद्योग-आधारित तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे ताकि युवाओं को वहां की जरूरतों के अनुसार तैयार किया जा सके।
2025 में हुए समझौते का अगला कदम- यह पहल भारत और जापान के प्रधानमंत्रियों के बीच अगस्त 2025 में हुए उस व्यापक समझौते का हिस्सा है जिसके तहत अगले पांच वर्षों में 50,000 कुशल भारतीयों को जापान भेजने की रूपरेखा तैयार की गई थी।
हरियाणा सरकार के प्रवक्ता के मुताबिक फुकुओका प्रांत की सरकार, फुकुओका इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्री लीडर्स के प्रतिनिधियों ने हरियाणा सरकार के अधिकारियों, विश्वविद्यालयों और विभिन्न विभागों के साथ विस्तार से बातचीत की है।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम, निवेश के मौकों, तकनीकी मैनपावर की जरूरतों और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। दोनों पक्ष अगले पांच सालों में भारतीय युवाओं खासकर हरियाणा के 50,000 छात्रों और तकनीकी पेशेवरों के लिए जापान में रोजगार, इंटर्नशिप और स्किल डेवलपमेंट के मौके बढ़ाने पर सहमत हुए।