किसान यूनियन ने रेल रोको आंदोलन स्थगित किया:मुजफ्फरनगर में प्रशासन से वार्ता सफल

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) का प्रदेशव्यापी रेल रोको आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। शनिवार, 4 जुलाई को प्रशासन और संगठन के बीच हुई एक महत्वपूर्ण वार्ता सफल रही, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया। संगठन का दावा है कि प्रशासन ने उनकी अधिकांश मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है।

यह बैठक शुक्रवार को छपार थाने में आयोजित की गई थी, जिसकी अध्यक्षता भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रिहान तोमर ने की। इसमें एसडीएम सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी, सीओ सदर विनय कुमार द्विवेदी और छपार थाना प्रभारी मोहित कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। प्रशासन सुबह से ही संगठन के पदाधिकारियों के संपर्क में था। दोपहर करीब डेढ़ बजे शुरू हुई इस बैठक में किसानों की 35 सूत्रीय मांगों पर लगभग 50 मिनट तक गंभीर चर्चा हुई।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने 16 जून को रेल रोको आंदोलन के दौरान प्रशासन को 35 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा था। शनिवार सुबह हुई वार्ता में कई बिंदुओं पर सहमति बनी और शेष मांगों के शीघ्र समाधान का आश्वासन मिलने के बाद संगठन ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।

बैठक में युवा विंग के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अंकित गुर्जर ने किसानों की प्रमुख समस्याओं को उठाया। उन्होंने जनपद में यूरिया की किल्लत तत्काल समाप्त करने, नहरों और रजवाहों में पर्याप्त पानी छोड़ने की मांग की, ताकि किसान समय पर सिंचाई कर सकें। इसके अतिरिक्त, उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, खराब ट्रांसफार्मरों को समय पर बदलने और बिजली विभाग व लाइनमैनों द्वारा किसानों के कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने की भी मांग की।

अंकित गुर्जर ने यह भी बताया कि बरसात का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन कई स्थानों पर बिजली की जर्जर और ढीली लाइनें बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं। उन्होंने इन्हें तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।