श्रीगंगानगर. राजस्थान में श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में रविवार सुबह करीब 6 बजे नेशनल हाईवे-62 पर सेना के ट्रक और एक प्राइवेट एम्बुलेंस के बीच टक्कर हो गई. एम्बुलेंस में सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई. कुछ समय के लिए जाम लग गया.
हादसा सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र में हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए. घायलों को तुरंत सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने तीनों शवों पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतक श्रीगंगानगर के हिंदुमलकोट थाना क्षेत्र के 5 बी कोनी गांव के रहने वाले थे.