मुजफ्फरनगर तहसील में पूर्व प्रधान की चप्पल से पिटाई, जमीन का बैनामा कराकर पैसे न देने का आरोप

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में एक महिला ने पूर्व प्रधान की चप्पल से पिटाई कर दी। घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। विवाद पैतृक जमीन के भुगतान को लेकर हुआ, जिसमें महिला ने पूर्व प्रधान पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया।

शाहपुर थाना क्षेत्र के मंधेड़ा गांव निवासी देवेन्द्री का आरोप है कि गांव के पूर्व प्रधान मित्रसेन ने उसके ससुर को शराब और अन्य प्रलोभन देकर उनकी पैतृक भूमि अपने नाम करा ली थी। महिला के अनुसार, जमीन का बैनामा तो हो गया, लेकिन उसका भुगतान आज तक नहीं किया गया।

शनिवार को देवेन्द्री किसी काम से सदर तहसील स्थित लेखपाल के पास पहुंची थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात पूर्व प्रधान मित्रसेन से हो गई। जब महिला ने जमीन के भुगतान के संबंध में सवाल किया, तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

महिला का आरोप है कि बहस के दौरान पूर्व प्रधान ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इसके बाद गुस्साई महिला ने पूर्व प्रधान की चप्पल से पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी ने जाते-जाते उसे गांव आने पर देख लेने और जान से मारने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि पूर्व प्रधान गांव का दबंग व्यक्ति है, जिससे उसका परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

घटना के बाद महिला ने थाना खालापार पहुंचकर लिखित तहरीर दी है। उसने पूर्व प्रधान मित्रसेन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।